सागर में संत रविदास महाराज का मंदिर बनने जा रहा है। जिसका भूमि पूजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 12 अगस्त को करेंगे। इस आयोजन की तैयारी को लेकर बीजेपी संगठन जुट गया है। राजस्व और परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने तैयारियों को लेकर अपनी सुरखी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें क्षेत्र के अनुसूचित जाति, जनजाति मोर्चा और पिछड़ा वर्ग मोर्चा के साथ महिला मंडल मोर्चा सहित सभी मोर्चा कार्यकर्ता और पदअधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान शक्ति केन्द्र प्रभारी भी बैठक में शामिल हुए। बैठक संत रविदास महाराज की सुरखी विधानसभा क्षेत्र में 1 अगस्त से निकलने वाली शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित की गई थी।
- सुरखी विधानसभा क्षेत्र का भी होगा योगदान
- सुरखी में 1 अगस्त से निकाली जाएगी शोभायात्रा
- हर गांव से जमा की जायेगी एक मुट्ठी मिट्टी
- मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने ली बैठक
- क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की किया मंथन
बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ मंथन के दौरान प्रदेश के राजस्व और परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि पार्टी के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संत रविदास महाराज ही नहीं उनके अनुयाईयों को सम्मान देने में कोई कमी नहीं छोड़ी है। विश्व का सबसे भव्य संत रविदास महाराज का मंदिर सागर में बनने जा रहा है। जिसका भूमिपूजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 12 अगस्त को करने वाले हैं।
मंत्री गोविंद राजपूत ने अपने क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ शोभायात्रा की तैयारियों पर मंथन किया और कहा शोभायात्रा के जरिए सुरखी विधानसभा क्षेत्र के हर गांव की मिट्टी एकत्रित कर संत रविदास महाराज के मंदिर के लिये समर्पित की जायेगी। जिससे सुरखी विधानसभा क्षेत्र का योगदान, श्रद्धा, प्रेम और आस्था मंदिर में हमेशा समाहित रहे। राजपूत ने कहा शोभायात्रा की सारी तैयारियां कार्यकर्ताओं के ही कंधे पर है। जिसमें सभी प्रकार का सहयोग वे देंगे। यह शोभायात्रा भव्यता से निकाली जायेगी। जिसमें सभी समाजों के लोग शामिल होंगे क्योंकि संत रविदास का व्यक्तित्व उनके विचार किसी समाज विशेष की परिधि में नहीं बांधे जा सकते। उनके विचारों ने विश्व का कल्याण किया है।
हर एक गांव से एकत्रित होगी मिट्टी
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सीएम शिवराज ने प्रदेश में संत, महात्माओं और उनके अनुयाइयों को सम्मान देने में कभी कोई कमी नहीं छोड़ी है। शोभायात्रा से सुरखी विधानसभा क्षेत्र के हर गांव की मिट्टी एकत्रित कर संत रविदास महाराज के मंदिर के लिए समर्पित की जाएगी।
100 करोड़ रुपये से बनेगा रविदास मंदिर
बुंदेलखंड अंचल के दलित मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए बीजेपी सरकार सागर में संत रविदास मंदिर का निर्माण करा रही है। जिस पर करीब 100 करोड़ खर्च होंगे। इससे पहले मध्यप्रदेश के सभी जिलों में संत रविदास मंदिर निर्माण यात्रा निकाली जा रही हैं। इन यात्राओं का समापन 12 अगस्त को सागर में होगा।





