रियाद: सऊदी अरब के शहर मक्का में शुक्रवार की रात मूसलाधार बारिश के बाद अचानक बाढ़ आ गयी। इस औचक आई बाढ़ ने शहर में वाहनों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया। इसके वीडियो फुटेज सोशल मीडिया में सर्कुलेट हो रहे हैं, जिनमें पानी की तेज धार में वाहन बहते दिख रहे हैं। कई मुख्य सड़कें बंद हो गई हैं। स्थानीय वेबसाइट की मानें तो मक्का में गुरुवार की रात और शुक्रवार की सुबह तक मूसलाधार बारिश हुई।
- मुसलमानों की आस्था का केंद्र है मक्का
- हजरत मोहम्मद का शहर है यह
- पूरी दुनिया से मुसलमान यहां जियारत पर आते हैं
मक्का से प्राप्त वीडियो फुटेज में वहां की मस्जिद में जियारत करनेवाले और शैतान को पत्थर मारने के लिए जमा होने वाले हाजी भींगते दिखे हैं। सऊदी अरब के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को मक्का प्रांत में चेतावनी जारी की। जेद्दा में किंग अब्दुलअजीज एयरपोर्ट ने यात्रियों से हवाई अड्डे पर आने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की पुष्टि करने के लिए कहा। खराब मौसम की वजह से कई फ्लाइट रद्द भी हुईं।
मक्का दुनिया भर के मुसलमानों के लिए सबसे अधिक आस्था का केंद्र है। तेज बारिश के कारण यहां की ग्रैंड मस्जिद में भी पानी भर गया। जेद्दा में बारिश के कारण होने वाली किसी भी समस्या से निपटने के लिए 3,822 कर्मचारी और 1,490 उपकरण लगाए गए हैं। इसी साल जनवरी में, सऊदी अरब के सोशल मीडिया यूजर्स ने तबुक क्षेत्र में तापमान में भारी गिरावट के बाद दुर्लभ बर्फबारी के वीडियो साझा किए थे।