IND vs SA: सुंदर की एंट्री, अक्षर बाहर! टीम इंडिया की रणनीति हुई फेल T20 WorldCup

रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रनों से करारी शिकस्त दी। इस हार ने न सिर्फ भारत की खिताब बचाने की उम्मीदों को गहरा झटका दिया, बल्कि टीम मैनेजमेंट की रणनीति पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। मैच से पहले सबसे चौंकाने वाला फैसला उप-कप्तान अक्षर पटेल को बाहर बैठाना रहा, जबकि उनकी जगह वॉशिंगटन सुंदर को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के दौरान तर्क दिया था कि साउथ अफ्रीका के टॉप-5 में तीन बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, इसलिए ऑफ-स्पिनर को ‘मैच-अप’ के तहत उतारा गया। हालांकि यह रणनीति मैदान पर पूरी तरह फेल साबित हुई। सुंदर से पूरे मैच में सिर्फ 2 ओवर ही कराए गए, जिसमें उन्होंने बिना विकेट लिए 17 रन खर्च कर दिए। बल्लेबाजी में भी उनसे उम्मीदें पूरी नहीं हो सकीं। उन्हें हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे और रिंकू सिंह से पहले नंबर-5 पर भेजा गया, लेकिन वह 11 गेंदों में सिर्फ 11 रन ही बना पाए। आमतौर पर शांत रहने वाले सुंदर इस मैच में दबाव में दिखे और उनकी डेविड मिलर से मैदान पर बहस भी देखने को मिली। कुल मिलाकर यह मुकाबला भारत के लिए रणनीतिक चूक और खराब फैसलों की मिसाल बन गया।

 

Exit mobile version