Big Layoff: दुनिया में आर्थिक मंदी का खतरा बढ़ता जा रहा है और कई बड़ी कंपनियां अब भी इसके साये से उबर नहीं पा रही हैं। बढ़ते खर्चों का समायोजन करने के लिए कंपनियों में छंटनी का सिलसिला जारी है। अब इस सूची में डिज्नी भी शामिल हो गई है। मनोरंजन क्षेत्र की दिग्गज और बड़ी कंपनी डिज्नी 7,000 कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है। छंटनी का फैसला जिन सीईओ बॉब इगर ने किया है, उन्हें पिछले साल दिसंबर में कंपनी की कमान दी गई थी।
- सीईओ बॉब इगर ने कहा, “मैं इस निर्णय को हल्के में नहीं लेता। मेरे मन में दुनिया भर में हमारे कर्मचारियों की प्रतिभा और समर्पण के लिए बहुत सम्मान और प्रशंसा है।”
- कंपनी ने छंटनी की जानकारी देने के साथ ही बताया कि उसकी स्ट्रीमिंग सेवा ने पिछली तिमाही में ग्राहकों की संख्या में पहली बार बड़ी गिरावट दर्ज की है।
- इसकी वजह यह है कि उपभोक्ताओं ने खर्च में कटौती की है।
- बता दें कि पिछले साल कंपनी के ग्राहकों की संख्या बढ़ी थी।
डिज्नी है चुनौतियों से दो-चार
दिसंबर 2022 में सीईओ का पद संभालने वाले इगर के लिए नए कार्यकाल में लगातार चुनौतियां आ रही है। डिज्नी का विवाद फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डीसांटिस के साथ भी हो गया है। वह वॉल्ट डिज्नी वर्ल्ड के आसपास के क्षेत्र का नियंत्रण वापस लेना चाहते हैं। उसे अब तक डिज्नी की ओर से नियंत्रित किया गया है। डिज्नी+ के लिए यह भी चुनौतीपूर्ण है कि एक तरफ जहां नेटफ्लिक्स ने दिसंबर में अपने यूजर्स की संख्या में इजाफा किया, वहीं डिज्नी के ग्राहक कम हो गए।
लगातार कर रही हैं कंपनियां छंटनी
बता दें कि आर्थिक मंदी की वजह से छंटनी करने में कई बड़ी कंपनियां शामिल हैं। कुछ ही दिनों पहले गूगल ने सबसे बड़े स्तर पर, करीब 12 हजार लोगों को काम से निकाला था। इसके अलावा मेटा यानी फेसबुक औऱ इंस्टाग्राम, अमेजन, माइक्रोसॉफ्ट, सैप, ओएलएक्स और कुछ अन्य बड़ी कंपनियों ने अपने यहां बड़े स्तर पर स्टाफ को नौकरी से निकाला है। इन छंटनियों के बाद लिंक्डनन पर काफी भावुक चिट्ठियां भी लोग शेयर कर रहे हैं।