संभाजीनगर की हैंड ग्लव्स फैक्ट्री भीषण आग, आधी रात में मौत की आगोश में सो गए इतने मजदूर

Massive fire in Maharashtra Sambhajinagar

महाराष्ट्र से रविवार को बड़ी खबर सामने आई है। यहां छत्रपति संभाजीनगर के वालुज एमआईडीसी में एक हाथ के दस्ताने यानी हैंड ग्लव्स बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। रविवार तड़के हुई इस आगजनी की घटना में 6 लोगों की झुलसने से मौत हो गई। भीषण आग को बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जिस वक्त ये हादसा हुआ, उस वक्त कर्मचारी फैक्ट्री के अंदर सो रहे थे।

आधा रात को मिली आग लगने की सूचना

अग्निशमन अधिकारी मोहन मुंगसे की माने तो ग्लव्स फैक्ट्री वालुज एमआईडीसी क्षेत्र में बनी है। जहां से रात सवा दो बजे आग लगने की सूचना उन्हें मिली थी। सूचना मिलते ही वे तत्काल घटनास्थल पहुंचे। जबतक वे पहुंचते तब तक आग ने भीषण रुप ले लिया था। पूरी कंपनी को आग ने अपनी चपेट में ले लिया था। स्थानीय लोगों की माने तो कंपनी के अंदर 5 कर्मचारी फंसे हुए थे। जो सभी खुद को बचाने की गुहार लगा रहे थे।

फैक्ट्री से मिले 6 मजदूरों के शव

आग पर जैसे ही काबू पाया गया उसके तत्काल बाद रेस्क्यू शुरू किया गया। लेकिन जब तक विभाग की टीम फैक्ट्री के अंदर दाखिल हो पाती, तब तक सभी मजदूरों की मौत हो चुकी थी। फैक्ट्री के भीतर से 6 शव बरामद हुए हैं। स्थानीय लोगों ने मृतकों में चार श्रमिकों की पहचान की है। जिनमें भुल्ला शेख 65 साल, कौसर शेख 26 साल, इकबाल शेख 26 साल और मगरूफ शेख 25 साल शामिल हैं।

हादसे समय सो रहे थे 10-15 मजदूर

मजदूरों ने बताया कि रात में फैक्ट्री बंद थी। जब आग लगी तो मजदूर सो रहे थे। जब आग लगी तो इमारत के अंदर 10-15 लोग थे। कुछ लोग भागने में सफल रहे, लेकिन कुछ लोग अंदर फंस गए। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित परिवारों में शोक है।

Exit mobile version