Flaxseed Ladoo Recipe: फायदे इतने कि गिनते थक जाएँ… ऐसे बनाएं अलसी के लड्डू, सर्दी भर परिवार रहेगा सेहतमंद
सर्दियों में शरीर को गर्म रखने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और एनर्जी बनाए रखने के लिए अलसी के लड्डू बेहतरीन सुपरफूड माने जाते हैं। अलसी के बीजों का स्वाद सौंधा होता है और जब इसमें गुड़, घी, मखाना, सूखे मेवे और तिल मिलते हैं, तो ये लड्डू न सिर्फ स्वादिष्ट बनते हैं बल्कि पोषण का खजाना भी भर देते हैं। रोजाना सिर्फ एक छोटा लड्डू आपकी इम्यूनिटी को इतना मजबूत कर देता है कि सर्दी-जुकाम होने की संभावना काफी कम हो जाती है। तो आइए जानते हैं अलसी के बेहतरीन, पारंपरिक और हेल्दी लड्डू बनाने की आसान रेसिपी—
अलसी (Flax Seeds) में मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड, फाइबर, आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम, पोटेशियम, जिंक, कॉपर, मैंगनीज, सेलेनियम, विटामिन्स और एंटीऑक्सिडेंट्स इसे विंटर सुपरफूड बनाते हैं। इनमें डाला जाने वाला गुड़ खुद मिनरल्स का बहुत बड़ा सोर्स है, जो रक्त शुद्धिकरण और शरीर को गर्म रखने में मदद करता है।
- अलसी के लड्डू खाने के फायदे
- शरीर को प्राकृतिक गर्माहट देता है
- इम्यूनिटी मजबूत करता है
- लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराता है
- पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है
- बालों और त्वचा की सेहत सुधरती है
- हार्ट और दिमाग के लिए फायदेमंद
- महिलाओं के लिए हार्मोन बैलेंस करने में मददगार
इनग्रेडिएंट्स कर लें नोट
(लगभग 20–25 लड्डू)
1 कप अलसी (Flax Seeds)
1.5 कप गुड़ (टुकड़ों में तोड़ा हुआ)
½ कप मूंगफली दाने
½ कप बादाम (कटे हुए)
½ कप ड्राई कद्दूकस नारियल
½ कप सफेद तिल
2 टीस्पून काले तिल
1.5 कप मखाने
1 टीस्पून इलायची पाउडर
4 टेबलस्पून देसी घी
Flaxseed Ladoo कैसे बनाएं? (स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी)
1. अलसी को ड्राई रोस्ट करें
कढ़ाई में अलसी डालकर धीमी आँच पर भूनें। जब इसमें चटखने की आवाज आने लगे, तब गैस बंद कर दें और ठंडा होने दें।
2. मखाने और तिल भी रोस्ट करें
मखाने को क्रिस्प होने तक भूनें। सफेद और काले तिल को गोल्डन होने तक भूनकर ठंडा करें।
3. मूंगफली भूनें और छिलके उतारें
मूंगफली को धीमी आँच पर भूनें। छिलके निकालकर हल्का सा दरदरा कूट लें।
4. बादाम हल्के घी में भूनें
बादाम को छोटे टुकड़ों में काट लें। ½ चम्मच घी में हल्का सा भून लें।
5. अलसी और मखाने को पीसें
ठंडी हुई अलसी को ग्राइंडर में पीसकर बारीक पाउडर बना लें।
मखानों को अलग से पीसकर पाउडर बना लें।
6. सूखे मिश्रण को तैयार करें
एक बड़े बाउल में मिलाएँ अलसी पाउडर।मखाना पाउडर।
कुटी मूंगफली। भुने बादाम। कद्दूकस नारियल। तिल और
इलायची पाउडर।
7. गुड़ की चाशनी तैयार करें
पैन में 3–4 चम्मच घी गर्म करें। गुड़ डालें और धीमी आँच पर पिघलाएं। ध्यान रहे—गुड़ उबलने न पाए, सिर्फ पिघलना चाहिए।
8. मिश्रण और गुड़ मिलाएं
गैस बंद कर दें। तैयार सूखे मिश्रण को गर्म पिघले गुड़ में डालकर अच्छी तरह मिलाएँ।
9. लड्डू बांधें
हाथों में थोड़ा सा घी लगाएँ। हल्का गर्म रहते हुए मिश्रण से लड्डू बनाते जाएँ। अगर मिश्रण सूखा लगे तो पिघला गुड़ थोड़ा और मिला सकते हैं।
स्टोरेज टिप्स
एयरटाइट स्टील या ग्लास कंटेनर में रखें
50–60 दिन तक बिना खराब हुए चलेंगे
रोज सुबह नाश्ते में 1 लड्डू ज़रूर खाएं




