मौसम का महाअलर्ट…दिल्ली में मूसलाधार बारिश, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में भारी बरसात का खतरा

Major weather aler

मौसम का महाअलर्ट…दिल्ली में मूसलाधार बारिश, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में भारी बरसात का खतरा

नई दिल्ली। अगस्त की शुरुआत के साथ ही मानसून एक बार फिर पूरे देश में रफ्तार पकड़ने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 3 अगस्त से उत्तर भारत, पूर्वी भारत और पहाड़ी राज्यों में बारिश का नया और तेज दौर शुरू होगा। राजधानी दिल्ली-एनसीआर सहित पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले दो दिनों तक मूसलाधार बारिश की संभावना है, जबकि उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में भी कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होगी। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका है।

उत्तर प्रदेश में 3 से 7 अगस्त तक पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में व्यापक बारिश का अनुमान है। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी सहित कई शहरों में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। वहीं बिहार और झारखंड में 3 से 5 अगस्त के बीच अधिकांश इलाकों में भारी बारिश हो सकती है, जिससे निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है।

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 8 अगस्त तक भारी बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा भी बना रहेगा। पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में अगले पांच दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। वहीं दक्षिण भारत में बारिश की तीव्रता कुछ कम रहेगी, लेकिन कर्नाटक के तटीय इलाकों में अगले दो दिनों तक भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी सलाह का पालन करने की अपील की है।

Exit mobile version