छिंदवाड़ा में बड़ा हादसा..कुएं में गिरी साधुओं की कार, 4 की मौत,,चित्रकूट से धार्मिक यात्रा पर निकले थे साधु

Major accident in Chhindwara

छिंदवाड़ा में बड़ा हादसा..कुएं में गिरी साधुओं की कार, 4 की मौत

मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा से बड़ी खबर सामने आ रही है यहां साधूओं से भरी एक कार बेकाबू होकर बिना मुंडेर के कुएं में गिर गई। हादसे के वक्त कार में 7 साधू सवार थे। इनमें से 3 साधुओं को सुरक्षित बचा लिया गया है जबकि 4 के शव बरामद हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई थी।। जिन तीन साधुओं को सुरक्षित बचाया गया है उनकी जान खतरे से बाहर बताई गई है।

चित्रकूट से धार्मिक यात्रा पर निकले थे

बताया गया है कि चित्रकूट से 7 साधू धार्मिक यात्रा पर कार से निकले थे। जैसे ही उनकी कार शुक्रवार देर शाम साढ़े पांच बजे छिंदवाड़ा- बैतूल नेशनल हाईवे पर लावाघोघरी थाना अंतर्गत सांवरी चौकी के ग्राम टेमनी खुर्द पहुंची तो वहीं पर कार का टायर फट गया। कार असंतुलित हो गई और पलटकर पास ही बिना मुंडेर के कुएं में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जेसीबी मशीन को मौके पर लाया गया तथा एसडीआरएफ की टीम की मदद से कार को बाहर निकाला गया। कार में तीन मृतकों के शव फंसे हुए थे जबकि एक शव एनडीआरएफ ने देर रात में कुएं से बाहर निकाला।

टायर फटने से हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार कार को राकेश गिरी चला रहा था जो बांदा उत्तरप्रदेश का रहने वाला है। कार में सामने की ओर मखंजू गिरी निवासी चित्रकूट उत्तरप्रदेश तथा शिवपूजून पिता मुंशी गिरी निवासी चित्रकूट उत्तरप्रदेश बैठे हुए थे। कार का टायर फटा तो पहले तो सड़क पर कार पलट गई और कुएं में जा गिरी। कुएं में ऊपर तक पानी भरा हुआ था जिसमें कार समा गई। कार के सामने का कांच फूटने से सामने बैठे राकेश गिरी, शिवपूजन गिरी तथा मखंजू गिरी कांच तोड़कर बाहर निकले। कार में पीछे बैठे हुए मलखान (65) पिता मेवा गिरी, राकेश (35) पिता गिरधारी गिरी, गुलाब (40) पिता नाथू गिरी तथा कल्लू उर्फ लक्ष्मी (24) पिता शिवपूजन गिरी कार के साथ ही कुएं में डूब गए। हादसे के बाद कार को किसी तरह जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया तो तीन साधु मलखान, राकेश तथा गुलाब के शव कार में फंसे बाहर निकले। एक का शव एसडीआरएफ की टीम देर रात में तलाश कर बाहर निकाल सकी।

Exit mobile version