महाराष्ट्र की सियासत में भाषा विवाद जोरों पर है। ठाकरे ब्रदर्स के भाषाई मसले पर एक मंच पर आने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति और मराठी भाषा दोनों ही सुर्खियों में आ गई हैं। अब इस विवाद में बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे BJP MP Nishikant Dubey ने बयान का तड़का लगा दिया है। निशिकांत दुबे ने महाराष्ट्र में हिंदी भाषियों को मारने वालों को खुली चुनौती दी है। दुबे ने कहा – “इन लोगों में हिम्मत है तो महाराष्ट्र में रहने वाले उर्दू भाषियों को मारकर दिखाएं।”
सोशल मीडिया पर दी चुनौती
निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर महाराष्ट्र में चल रहे हिंदी विवाद पर खुली चुनौती दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा –
“हिंदी भाषी लोगों को मुंबई में मारने वालों, अगर हिम्मत है तो महाराष्ट्र में उर्दू भाषियों को मारकर दिखाओ। अपने घर में तो कुत्ता भी शेर होता है। कौन कुत्ता और कौन शेर, खुद ही फैसला कर लो।”
इस पोस्ट के बाद भाषा की सियासत से पूरे देश की राजनीति गरमा गई है। इससे पहले भी निशिकांत दुबे ठाकरे ब्रदर्स पर विवादित टिप्पणी करते रहे हैं।
ठाकरे ब्रदर्स की थी दाऊद से तुलना
निशिकांत दुबे पहले भी ठाकरे ब्रदर्स – मनसे प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना (उद्धव) प्रमुख उद्धव ठाकरे Uddhav Thackeray – के खिलाफ विवादित बयान दे चुके हैं। उन्होंने एनसीपी नेता शरद पवार Sharad Pawar को भी निशाने पर लिया। दुबे ने कहा था कि – मनसे, उद्धव ठाकरे, एनसीपी, और कश्मीरी हिंदुओं को भगाने वाले सलाउद्दीन, मौलाना मसूद अजहर और मुंबई में हिंदुओं पर अत्याचार करने वाले दाऊद इब्राहिम में क्या फर्क है?
क्यों उठा ये मामला?
दरअसल, हाल ही में महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के स्कूलों में हिंदी को तीसरी भाषा के रूप में अनिवार्य करने का निर्णय लिया। इसके विरोध में ठाकरे ब्रदर्स वर्षों बाद एक मंच पर साथ आए और इसका खुलकर विरोध किया। इसी दौरान राज्य में हिंदी बोलने वाले लोगों के साथ मराठी भाषी लोगों द्वारा मारपीट की घटनाएं सामने आने लगीं।




