Maharashtra Congress को बड़ा झटका, MLC प्रज्ञा सातव के BJP में जाने की चर्चा!

महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। कांग्रेस की विधान परिषद सदस्य (MLC) प्रज्ञा सातव के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, प्रज्ञा सातव कल भाजपा में शामिल हो सकती हैं, जिससे कांग्रेस को महापालिका चुनाव से पहले बड़ा झटका लगना तय माना जा रहा है। प्रज्ञा सातव दिवंगत वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद राजीव सातव की पत्नी हैं, जिनका पार्टी में अहम स्थान रहा है। गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी ने राजीव सातव के निधन के बाद प्रज्ञा सातव को विधान परिषद में भेजा था और उन्हें MLC बनाया गया था। राजीव सातव कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में गिने जाते थे और महाराष्ट्र की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ थी। ऐसे में उनकी धर्मपत्नी का कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाना पार्टी के लिए राजनीतिक और भावनात्मक दोनों रूप से नुकसानदेह माना जा रहा है। महापालिका चुनावों से पहले यदि प्रज्ञा सातव भाजपा में शामिल होती हैं, तो इसका असर कांग्रेस के संगठन और समीकरणों पर पड़ सकता है। वहीं भाजपा के लिए यह कदम कांग्रेस के परंपरागत वोट बैंक में सेंध लगाने जैसा होगा। फिलहाल कांग्रेस की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो चुकी है।

 

Exit mobile version