महादेव बेटिंग एप, क्या अब भूपेश बघेल की होगी गिरफ्तारी
महादेव बेटिंग ऐप मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। ईडी की चार्जशीट में छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल का नाम दर्ज है। बघेल के अलावा चार्जशीट में शुभम सोनी, अमित कुमार अग्रवाल, रोहित गुलाटी, भीम सिंह और असीम दास का नाम शामिल है। चार्जशीट में नाम आने के बाद अब भूपेश बघेल की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। चार्जशीट में बताया गया है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी असीम दास जो इस महादेव बेटिंग ऐप के प्रोमोटर के लिए हिंदुस्तान में कुरियर का काम करता था। उसके ठिकानों से हाल ही में करीब 5.39 करोड़ रुपये बरामद हुए थे। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी हुई थी। असीम दास ने एजेंसी को बताया कि ये पैसा हाल में प्रदेश में हुए चुनाव के दौरान कांग्रेस के नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम बघेल के लिए भेजे गए थे। असीम दास से पूछताछ में खुलासा हुआ था कि महादेव बेटिंग एप के प्रोमोटर्स की तरफ से भूपेश बघेल को करीब 508 करोड़ रुपये दिए गए थे। ईडी ने चार्जशीट में ये भी लिखा है कि गिरफ्तारी के दौरान असीम दास ने 2 नवंबर 2023 को जो अपना बयान एजेंसी को दिया था, उससे वो पलट गया था। असीम दास ने उस दिन अपने वकील के साथ आए एक शख्स के प्रभाव में आकर अपने बयान पलटे थे, उसे पहले से टाइप किया गया वो कंटेंट दिया गया था और बोला गया था कि उसी कंटेंट को अपनी ओर से लिखकर साइन कर दे। जिससे कोर्ट में उसको फायदा होगा। ये वो बयान था, जिसमें उसने बोला था कि बरामद पैसा नेता भूपेश बघेल के लिए हवाला के जरिए आया था।