एमपी विधानसभा चुनाव: पांच जन आशीर्वाद यात्रा….पांचवी बार सत्ता पर काबिज होना चाहती है बीजेपी

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा अपना माहौल बनाने की तैयारी में जुट गई है। इसके लिए पांच जन आशीर्वाद यात्राएं निकाली जाएंगी। सतना जिले चित्रकूट में तीन सितंबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इन यात्राओं का शुभारंभ करेंगे। यह पांच यात्राएं प्रदेश के 230 में से 210 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेंगी। इस दौरान करीब 10,643 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। यात्रा का समापन 25 सितंबर को होगा। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यकर्ताओं के महाकुंभ को संबोधित करने भोपाल आएंगे।

विधानसभा चुनावों की घोषणा से पहले भाजपा यात्राओं के जरिये वोटरों को साधने में लगी है। बीजेपी का उद्देश्य है इन यात्राओं के जरिए केंद्र और राज्य की योजनाओं के साथ ही उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचा जाए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन यात्राओं की जानकारी दी। दरअसल मध्य प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में कामयाबी हासिल करने के लिए भाजपा की ओर से मध्यप्रदेश में पांच अलग-अलग जन आशीर्वाद यात्राएं निकाली जा रही हैं। पहले यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि पार्टी के अलग-अलग नेता जन आशीर्वाद यात्रा का चेहरा होंगे। लेकिन मीडिया से चर्चा के दौरान केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने इन अटकलों पर विराम लगा दिया है। केन्द्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि सीएम शिवराज सिंह चौहान ही जन आशीर्वाद यात्राओं का चेहरा होंगे। हर दिन अलग-अलग यात्राओं में वे आधा दिन के लिए शामिल होंगे।

पहली यात्रा की शुरुआत 3 सितंबर को चित्रकूट से होगी।इस यात्रा की शुरुआत केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। वहीं दूसरी यात्रा शिक्षक दिवस पर 5 सितंबर को मंडला से शुरु होगी। मंडला से जबलपुर से होते हुए यात्रा भोपाल आयेगी। तीसरी यात्रा 3 सितंबर को खंडवा से शुरु होगी। जिसे केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह हरीझंडी दिखाकर रवाना करेंगे। चौथी यात्रा 4 सितंबर को नीमच से प्रारंभ होकर बुदनी होते हुए भोपाल आयेगी। इस यात्रा को भी केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ही हरी झंडी दिखाएंगे। पांचवीं यात्रा और अंतिम जन आशीर्वाद यात्रा 6 सितंबर को श्योपुर से शुरु होगी। जिसे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हरीझंडी दिखाकर भोपाल के लिए रवाना करेंगे। पांचवी यात्रा रायसेन होते हुए भोपाल पहुंचेगी।

एक यात्रा का लक्ष्य 40 विधानसभा सीट

बीजेपी की ओर से एक साथ निकाली जा रहीं पांच जनआशीर्वाद यात्राओं का लक्ष्य 230 में 210 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचने का है। पांचों यात्राएं प्रदेश में करीब 10 हजार किलोमीटर का सफर तय कर भोपाल पहुंचेंगी। पार्टी ने तय किया है एक-एक यात्रा के जरिए प्रदेश की 40-40 विधानसभा सीट कवर की जाए। इस दौरान हर दिन प्रदेश में पांच बड़ी और पांच छोटी जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही 10 नुक्कड़ सभाओं का भी आयोजन पार्टी की ओर से किया जाएगा।

Exit mobile version