केजरीवाल आज ​भोपाल में गिनाएंगे दिल्ली का विकास, रैली में भगवंत मान भी होंगे साथ,आप का चुनावी शंखनाद

Kejriwal Bhagwant Mann AAP election campaign

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक रैली को संबोधित करेंगे। उनके साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान भी होंगे। बता दें मध्यप्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी इस रैली के जरिए चुनावी शंखनाद करने जा रही है। रैली में एक लाख की भीड़ जुटाने के लिए पार्टी ने कड़ी मेहनत की है। भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित ये रैली आम आदमी पार्टी की मध्यप्रदेश में अब तक की पहली बड़ी रैली होगी।

दरअसल आम आदमी पार्टी मध्यप्रदेश में तीसरा विकल्प बनना चाह रही है। हालांकि मध्यप्रदेश की राजनीति दो दलीय रही है। चुनावों में भाजपा और कांग्रेस के बीच ही यहां मुख्य मुकाबला रहा है। आम आदमी पार्टी बदलाव के लिए प्रदेश की जनता से अपील कर सकती है। साथ ही दिल्ली और पंजाब में किए गए विकास कार्यों को मध्यप्रदेश की जनता के सामने रख उनसे एक मौका मांग सकती है। एक दिन पहले सोमवार को आम आदमी पार्टी ने राजस्थान में अपना अभियान शुरू किया था। जहां उसने एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली थी। केजरीवाल ने दावा किया कि भाजपा और कांग्रेस दोनों दल राज्य को लूट रहे हैं और अब लोग बदलाव चाहते हैं।

लोकलुभावन घोषणाएं कर सकते हैं केजरीवाल

केजरीवाल की ओर से सस्ती बिजली, मुफ्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और गरीबों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं जैसी कुछ लोकलुभावन घोषणाएं किए जाने की संभावना है। आप बार-बार इस बात का जिक्र कर रही है कि मनीष सिसोदिया को इसलिए सलाखों के पीछे डाला गया है क्योंकि उन्होंने गरीब बच्चे के लिए मुफ्त शिक्षा सुनिश्चित की थी।

कई सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला संभावित

अभी तक एमपी की ज्यादातर सीटों पर चुनाव में कांग्रेस और बीजेपी के बीच सीधा मुकाबला हुआ करता था। लेकिन इस बार आम आदमी पार्टी जोरदार उपस्थिति दर्ज कराने जा रही है। कई सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। पंजाब और गुजरात में आप की रणनीति के मुख्य सूत्रधार माने जाने वाले आप संगठन महासचिव संदीप पाठक ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में भोपाल, इंदौर, रीवा, ग्वालियर और जबलपुर का दौरा किया है।

निकाय चुनाव में आप का बेहतर प्रदर्शन

आम आदमी पार्टी ने हाल ही में घोषणा की थी कि वह मध्यप्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी का मानना ​​है कि उसने पिछले साल जुलाई-अगस्त में राज्य में हुए शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। जहां उसने दावा किया था कि उसे 6.3 प्रतिशत वोट मिले थे।

सिंगरौली में आप का महापौर

आप राज्य के विंध्य क्षेत्र के सिंगरौली में मेयर पद जीतने में कामयाब रही। पार्टी नेताओं के अनुसार, स्थानीय निकाय चुनावों में आप के 52 उम्मीदवारों ने जीत हासिल की, जबकि 135-140 उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहे। पंचायत चुनावों में, जो बिना पार्टी सिंबल के होते हैं, पार्टी ने दावा किया कि AAP समर्थित उम्मीदवारों ने जिला पंचायत के 10 पदों, जनपद के 23, 119 सरपंचों और 250 पंचों पर जीत हासिल की।

 

Exit mobile version