उत्तर प्रदेश की राजधानी Lucknow स्थित University of Lucknow इन दिनों एक वायरल ऑडियो को लेकर सुर्खियों में है। ऑडियो में यूनिवर्सिटी के एक असिस्टेंट प्रोफेसर कथित तौर पर बीएससी की छात्रा से बेहद आपत्तिजनक अंदाज में बातचीत करते सुनाई दे रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि बातचीत में प्रोफेसर छात्रा को “पेपर आउट” कराने का ऑफर भी देता सुनाई दे रहा है।
“डार्लिंग… 2 पेपर आउट कर दिए हैं तुम्हारे लिए
बस यही लाइन सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मामला यूनिवर्सिटी प्रशासन से लेकर पुलिस तक पहुंच गया।
“अगर कहोगी तो मैं आ जाऊंगा डार्लिंग..
वायरल ऑडियो में कथित तौर पर जियोलॉजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर परमजीत सिंह छात्रा से निजी और भावनात्मक अंदाज में बातचीत करते सुनाई दे रहे हैं। बातचीत में वह छात्रा को “डार्लिंग” कहकर संबोधित करते हैं और मदद के बहाने मिलने का दबाव बनाते नजर आते हैं।
ऑडियो में प्रोफेसर कहते हैं—
“तुम्हारे लिए सबकुछ ओपन है…”
“दोनों पेपर आउट कर लिए हैं…”
“ट्राई नहीं… आना पड़ेगा आपको…”
वहीं छात्रा लगातार मिलने से बचने की कोशिश करती सुनाई देती है। वह बार-बार घर और परीक्षा का हवाला देती है, लेकिन प्रोफेसर कथित तौर पर उस पर मिलने का दबाव बनाते रहते हैं।
पेपर लीक की आशंका ने बढ़ाई गंभीरता
इस पूरे मामले ने सिर्फ शिक्षक-छात्रा संबंधों पर ही नहीं, बल्कि परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। ऑडियो में “पेपर आउट” शब्द के इस्तेमाल ने यूनिवर्सिटी प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
हालांकि जांच पूरी होने से पहले यह साफ नहीं है कि वास्तव में पेपर लीक हुआ था या नहीं, लेकिन कथित बातचीत ने परीक्षा सुरक्षा को लेकर गंभीर बहस छेड़ दी है।
छात्रा ने वायरल किया ऑडियो!
सूत्रों के मुताबिक, छात्रा ने ही कथित तौर पर यह ऑडियो वायरल किया ताकि प्रोफेसर की हरकतें सामने आ सकें। ऑडियो सोशल मीडिया पर आते ही यूनिवर्सिटी कैंपस में हड़कंप मच गया। छात्र संगठनों ने इसे “शिक्षा व्यवस्था पर दाग” बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग शुरू कर दी।
ABVP का प्रदर्शन, अलर्ट मोड में यूनिवर्सिटी
मामले के सामने आते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ABVP के कार्यकर्ताओं ने यूनिवर्सिटी परिसर में प्रदर्शन किया और आरोपी प्रोफेसर की गिरफ्तारी की मांग उठाई। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने भी तत्काल एक्शन लेते हुए मामले की शिकायत पुलिस को भेज दी।
प्रोफेसर हिरासत में, 24 घंटे में रिपोर्ट तलब
हसनगंज पुलिस ने परीक्षा नियंत्रक की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर प्रोफेसर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब वायरल ऑडियो की सत्यता, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है।
सवाल जो अब पूरे सिस्टम से पूछे जा रहे हैं…
क्या सचमुच परीक्षा का पेपर लीक हुआ था?
क्या छात्राओं पर दबाव बनाकर फायदे दिए जा रहे थे?
क्या यूनिवर्सिटी की परीक्षा प्रणाली सुरक्षित है?
और सबसे बड़ा सवाल… गुरु-शिष्य के रिश्ते में आखिर ये गिरावट क्यों?
फिलहाल पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन दोनों जांच में जुटे हैं, लेकिन वायरल ऑडियो ने शिक्षा जगत में भरोसे और नैतिकता पर बड़ी बहस छेड़ दी है।
