इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया एशेज सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच विवादों से भरा रहा. मैच को अंत में ऑस्ट्रेलिया ने 43 रनों से जीत लिया,और सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली. लेकिन आखिरी दिन जॉनी बेयरस्टो के विकेट पर विवाद देखने को मिला. मैच खत्म होने के बाद कंगारूओं के कप्तान पेट कमिंस ने रन आउट को सही ठहराया वहीं इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने इसे खेल भावना के विपरीत बताया. इस विकेट पर कई पूर्व क्रिकेटरों ने भी ऑस्ट्रेलियन टीम पर निशाना साधा. लेकिन अब इस विवाद में दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की एंट्री हो गई है. ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के प्रधानमंत्रियों ने अपनी अपनी टीम के पक्ष में बयान जारी किया है.
विवादों में रन आउट
मैच के पांचवे दिन जॉनी बेयरस्टो का विकेट पर बड़ा विवाद हुआ. इंग्लैंड को आखिरी दिन 257 रन चाहिए थे . बेयरस्टो और कप्तान स्टोक्स पारी को संभाल रहे थे. कैमरन ग्रीन ओवर करने आएं , उन्होंने गेंद फेंकी और उसे बेयरस्टो ने डक किया. गेंद विकेटकीपर एलेक्स कैरी के पास गई. इसी बीच बेयरस्टो क्रीज से बाहर आ गए और उन्हें इस बात का ध्यान नहीं रहा. इसी बात का फायदा उठाकर कैरी ने स्टंप पर थ्रो मार दी और रन आउट की अपील की. मामला थर्ड अंपायर के पास गया जहां बेयरस्टो को रन आउट करार दिया गया. थर्ड अंपायर के इस फैसले से फैंस और कप्तान स्टोक्स नाराज दिखे. इंग्लैंड के कई खिलाड़ियों, कमेंटेटर्स और कई पूर्व क्रिकेटर्स ने इसे खेल भावना के ख़िलाफ़ बताया. वहीं ऑस्ट्रेलिया के कई खिलाड़ियों और कई पूर्व क्रिकेटरों ने इसे ‘फेयर गेम’ कहा.
ब्रिटिश पीएम ने जारी किया बयान
ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के प्रवक्ता ने एशेज सीरीज में रन आउट विवाद पर बयान जारी किया है. सुनक ने बेयरस्टो का विवादास्पद तरीके से आउट होने को खेलभावना के खिलाफ बताया है, प्रधानमंत्री ऋषि अपनी टीम के कप्तान के बयान से भी पूरी तरह सहमत है. बेन स्टोक्स ने मीडिया से कहा था कि हमारी टीम इस तरह से कोई मैच नहीं जीतना चाहेगी. हम खेल भावना से खेलेंगे और हेडिंग्ले टेस्ट में वापसी करेंगे.
ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने टीम की करी तारीफ
ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक के बयान पर ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज ने भी पलटवार किया है. ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने कहा है कि मैं ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की निराशा को समझता हूं. लेकिन आपको अपनी क्रीज में रहना चाहिए, क्योंकि यही प्राइमरी स्कूल में सिखाया जाता है. इसी के साथ प्रधानमंत्री अल्बनीज ने अपनी टीम को लॉर्ड्स टेस्ट मैच में जीत पर बधाई दी है. पीएम ने कहा है कि मुझे हमारी पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों पर गर्व है, जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अपने शुरुआती दो एशेज मैच जीते हैं. ऑस्ट्रेलियाई टीम की आदत है जीतना और मैं अपनी टीमों की जीत के बाद स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं.
विवादों से भरा रहा मैच
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेला गया लॉर्ड्स टेस्ट विवादों से भरा रहा है. मैच में कई ऐसे पल थे, जब फैंस सहित खिलाड़ी आपस में भिड़ गए. बेयरस्टो के विकेट पर विवाद उठा तो वहीं स्टार्क के विवादित कैच ने सुर्खियां बटोरी. मैच को बेन स्टोक्स की ऐतिहासिक पारी के लिए भी याद किया जाएगा. बेन स्टोक्स ने मैच के आखिरी तक ऑस्ट्रेलियाई टीम की सांसे अटका रखी थी. उन्होंने लॉर्ड्स के ऐतिहासक मैदान पर 155 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली . हालांकि वे अपनी को जीत नहीं दिला सकें.





