बिहार सरकार ने राज्य के हर प्रखंड (ब्लॉक) के विशिष्ट उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए “एक प्रखंड, एक उत्पाद” (One Block One Product) योजना की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इस योजना के तहत कृषि, वस्त्र, कला, शिल्प और अन्य क्षेत्रीय उत्पादों को चिन्हित कर उनकी ब्रांडिंग, विपणन और निर्यात को बढ़ावा देने की योजना बनाई गई है।
मांगी गई रिपोर्ट
उद्योग विभाग ने सभी जिला महाप्रबंधकों को निर्देश जारी कर कहा है कि वे अपने-अपने जिलों के अंतर्गत आने वाले प्रत्येक प्रखंड के प्रमुख उत्पादों की सूची तैयार करें और 10 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजें। रिपोर्ट में उत्पाद की प्रकृति, उपलब्धता, पारंपरिक महत्व, संभावित बाजार और मौजूदा चुनौतियों की जानकारी मांगी गई है।
स्थानीयता से वैश्विकता की ओर
राज्य सरकार की इस योजना का मकसद है कि प्रत्येक प्रखंड के ऐसे उत्पाद जो वर्षों से स्थानीय पहचान बने हुए हैं, उन्हें बेहतर प्लेटफॉर्म पर पहुंचाकर अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रस्तुत किया जाए। इसका लाभ किसानों, कारीगरों, बुनकरों, हस्तशिल्पियों और सूक्ष्म उद्यमियों को मिलेगा। उत्पादों की गुणवत्तापूर्ण पैकेजिंग, प्रमाणीकरण और डिजिटल ब्रांडिंग पर भी ध्यान दिया जाएगा।
‘एक जिला, एक उत्पाद’ की तर्ज पर आगे बढ़ रही योजना
यह पहल केंद्र सरकार की ‘एक जिला, एक उत्पाद’ (ODOP) योजना से प्रेरित है, लेकिन इसका दायरा और अधिक गहराई तक जाएगा क्योंकि यहां हर जिले के बजाय हर प्रखंड को विशिष्ट उत्पाद आधारित पहचान दी जा रही है। इससे हर छोटे क्षेत्र की भागीदारी सुनिश्चित होगी और विकास की रोशनी प्रखंड स्तर तक पहुंचेगी।
उद्योग मंत्री का बयान
बिहार के उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा, “बिहार का हर प्रखंड अपनी विशिष्टता रखता है। कहीं मखाना है, कहीं मधुबनी चित्रकला, कहीं चूड़ा तो कहीं सत्तू जैसे पारंपरिक उत्पाद। इनकी वैज्ञानिक और बाजार आधारित पहचान बनाना अब जरूरी हो गया है। इस पहल से न केवल स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि राज्य के निर्यात क्षमता में भी वृद्धि होगी।”
आत्मनिर्भर बिहार की दिशा में पहल
‘एक प्रखंड, एक उत्पाद’ योजना के तहत प्रदेश सरकार स्थानीय उत्पाद + वैश्विक मंच के सिद्धांत पर काम करेगी। इससे रोजगार सृजन के अवसर बढ़ेंगे, कुटीर और लघु उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा, और बिहार की आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर ठोस कदम बढ़ेंगे। बिहार की नीतीश कुमार सरकार की यह नई पहल प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में छिपे हुए हुनर और प्रतिभा के साथ उत्पादन की क्षमता को पहचानने और उसे पूरी दुनिया के सामने लाने का एक सफल प्रयास है। यह योजना यदि सही तरीके से पूरे राज्य में क्रियान्वित होती है, तो इससे न केवल उत्पादों को वैश्विक बाजार मिलेगा, बल्कि स्थानीय विकास, स्वावलंबन और सांस्कृतिक गौरव का नया अध्याय भी लिखा जाएगा।