शाह आज करेंगे झारखंड में चुनाव प्रचार,मांगेंगे वोट
झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगरमी बढ़ गई है। इसी क्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 2 नवंबर की देर शाम रांची पहुंचे। वे रात्रि विश्राम रांची में करने के बाद अगले दिन आज 3 नवंबर को 3 चुनावी सभाओं को संबोधित करने वाले हैं। केंद्रीय गृहमंत्री शाह आज रविवार 3 नवंबर को झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में स्थित घाटशिला और चतरा जिले में स्थित सिमरिया के साथ हजारीबाग जिले के बरकट्ठा में विधानसभा चुनावी को लेकर बीजेपी प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगेंगे। इसके साथ ही अमित शाह बीजेपी के घोषणा पत्र को भी जारी करेंगे।
खरगे पर बरसे CM साय, कांग्रेस के वादे भी फर्जी
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के चुनावी वादे वाले बयान पर सियासी वार पलटवार का दौर जारी है। इस बीच छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने भी खड़गे के बयान पर नाराजगी जताई है। साय ने अपने सोशल मीडिया ‘एक्स’ अकाउंट पर लिखा कि खरगे झूठ बोलने और झूठे वादे करने वाली कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे ने यह सच्चाई को स्वीकार कर लिया कि कांग्रेस पार्टी द्वारा किए गए तमाम लोक लुभावने वादे फर्जी होते हैं।
बंटेंगे तो कटेंगे…जुड़ेंगे तो जीतेंगे पर माया का तंज, बसपा से जुडेंगे तो आगे बढ़ेंगे
यूपी में सीएम योगी के ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ और अखिलेश के ‘जुड़ेंगे तो जीतेंगे’ वाले नारों के बीच अब मायावती की भी एंट्री हो गई है। मायावती ने कहा यूपी की 9 सीटों पर हो रहे उपचुनाव में बसपा के मैदान में उतरने से सपा और भाजपा की नींद उड़ गई है। जनता का ध्यान भटकाने के लिए सपा और बीजेपी दोनों दल पोस्टरबाजी कर रहे हैं। मायावती ने कहा बीजेपी के बंटेंगे तो कटेंगे और समाजवादी पार्टी के जुड़ेंगे तो जीतेंगे के नारों के बदले होना यह चाहिए कि बीएसपी से जुड़ेंगे तो आगे बढ़ेंगे और सुरक्षित रहेंगे।
गंगा उत्सव 2024 की तैयारी.. केन्द्रीय मंत्री पाटिल होंगे शामिल, सीएम धामी भी होंगे शामिल
देवभूमि उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित चंडी घाट पर गंगा उत्सव 2024 का आयोजन किया जा रहा है। गंगा की महिमा और भारतीय सांस्कृतिक धरोहर का जश्न इस दौरान मनाया जा रहा है। साथ ही गंगा को राष्ट्रीय नदी घोषित करने की वर्षगांठ के मौके पर हरिद्वार में आठवें संस्करण का आयोजन किया गया। जो इस बार खासतौर से नदी के तट पर मनाया जा रहा है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल इस कार्यक्रम का उद्घाटन करने वाले हैं। वहीं उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे। 50 दिन चलने वाले आयोजन में गंगा महिला राफ्टिंग अभियान भी शामिल है।
यमराज से मुक्ति का पर्व भाई दूज आज
आज कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया को यम द्वितीया या भाई दूज मनाया जा रहा है। हिन्दू धर्म में आस्था रखने वाले लोगों के लिए इसका विशेष महत्व है क्योंकि इसे यमराज से मुक्ति का पर्व माना जाता है। पंचांग के अनुसार 02 नवंबर, 2024 को रात 8 बजकर 21 मिनट पर कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि की शुरुआत हो चुकी है। तिथि का समापन आज 3 नवंबर को होगा। पंचांग के अनुसार इस साल भाई दूज का त्योहार आज 3 नवंबर दिन रविवार को मनाया जा रहा है। तिलक करने का शुभ मुहूर्त आज दोपहर 01 बजकर 10 मिनट से लेकर दोपहर 03 बजकर 22 मिनट तक रहेगा।