ईरान के सैन्य ठिकानों पर इजरायल का हमला
इजरायल की ओर से शनिवार की सुबह ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए हवाई हमले किए हैं। बताया जाता है कि यह कार्रवाई 1 अक्टूबर को इजराइल में हुए एक बैलिस्टिक मिसाइल हमले के जवाब में की गई है। इस हमले में हुए नुकसान की अब तक तत्काल कोई जानकारी नहीं मिली है। इजरायली सेना ने अपने इस ऑपरेशन को “ईरान में सैन्य ठिकानों पर सटीक हमला” करार दिया है।
इजरायली सेना की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया, “ईरान का शासन और उसके प्रॉक्सी क्षेत्र में पिछले दिनों 7 अक्टूबर से सात मोर्चों पर इजरायल पर निरंतर हमले किए जा रहे हैं। इस हमले में ईरानी भूमि से सीधे हमले भी शामिल हैं। इसराइल ने कहा है कि दुनिया के अन्य सभी संप्रभु देशों की की तरह उसे भी प्रतिक्रिया देने का अधिकार है। ”
महाराष्ट्र में
चुनाव के बीच 138 करोड़ के आभूषण मिले
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बीच पुणे में एक कार्गो कंपनी की वैन से पुलिस ने 138 करोड़ रुपये कीमत के सोने के गहने बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार इनका वजन 437 किलो से भी अधिक है। चुनाव आयोग और पुणे पुलिस ने मिलकर इस बड़ी बरामदगी को अंजाम दिया है। पुणे कलेक्टर और निर्वाचन अधिकारी सुहास दिवसे ने बताया कि यह केवल धरपकड़ है। अभी तक सोना जब्त नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि यह एक कंपनी की वैन थी जो कि प्रतिदिन नियमित रूप से जूलरी ट्रांसपोर्ट करती है। उनके पास जूलरी के
पेपर भी थे। हालांकि इस मामले में अब आयकर विभाग दस्तावेजों की जांच कर रहा है।
पंजाब में सड़क पर उतरे किसान
पंजाब में किसान संगठन मांगों को लेकर एक बार फिर से सड़कों पर उतर रहे हैं। पंजाब की मान सरकार के खिलाफ शनिवार 26 अक्टूबर को एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन की तैयारी है। किसान संगठन धान की समय पर खरीद सहित विभिन्न मांगों को लेकर यह प्रदर्शन कर रहे है। इस आंदोलन के तहत, किसान पंजाब में विभिन्न स्थान पर सड़कों सड़क पर जाम करेंगे। भारतीय किसान यूनियन क्रांतिकारी पंजाब अध्यक्ष सुरजीत सिंह फुल ने बताया शनिवार 26 अक्टूबर को चार प्रमुख बिंदुओं को लेकर दोपहर 1 बजे से सड़क नाकाबंदी करेंगे।
भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट मैच का तीसरा दिन
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैच की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला पुणे स्थित महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जा रहा है। शुक्रवार को दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड टीम ने अपनी दूसरी पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 198 रन बनाए हैं। पहली पारी में मिली 103 रनों की बढ़त के साथ न्यूजीलैंड
की भारत पर लीड 301 रनों की हो गई है। अब मैच के तीसरे दिन आज शनिवार 26 अक्टूबर को मेहमान टीम की नजरें भारत को 400 से अधिक रन का टारगेट देने पर होगी। न्यूजीलैंड की ओर से पहली पारी में 259 रन बनाए थे। जिसके जवाब में भारत की टीम 156 रनों पर सिमट गयी थी।
अखिलेश की पार्टी के नेता ने की बिजली चोरी
उत्तर प्रदेश के संभल में बिजली विभाग ने समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खान के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज किया है इसके साथ ही बिजली विभाग ने 54 लाख रुपए का जुर्माना लगाा है। बता दे कि पिछले दिनों विभाग के अधिकारियों ने सपा नेता के निजी दफ्तर में बिजली चोरी पकड़ी थी। इसके बाद सपा नेता के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा भी दर्ज कराया गया। वहीं बिजली चोरी करते पकड़े गए सपा नेता फिरोज खान ने इसे अपने खिलाफ राजनीतिक साजिश बताया है।