नहीं रहे भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार
भारतीय सिनेमा के दिग्गज कलाकार मनोज कुमार का 87 साल की उम्र में निधन हो गया। वे देशभक्ति से जुड़ी फिल्मों के लिए मशहूर थे। मनोज कुमार को भारत कुमार की उपाधि दी गई थी। हिंदी सिनेमा के दिग्गज कलाकार मनोज कुमार का लंबी बीमारी के बाद मुंबई में निधन हो गया। उन्होंने 87 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। बता दें मनोज कुमार को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती किया गया था। जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। इसकी पुष्टि करते हुए फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने कहा यह फिल्म जगत के लिए बहुत दुखद दिन है। भारतीय फिल्म उद्योग के एक दिग्गज को आज हमने खो दिया। आज सुबह करीब 3:30 बजे उनका निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे।
वक्फ संशोधन विधेयक पर लगी संसद ने लगाई मुहर
लोकसभा के बाद राज्यसभा में भी वक्फ संशोधन बिल को मंजूरी मिल गई है। वक्फ बोर्डों की जवाबदेही , पारदर्शिता और दक्षता बढाने के लिए वक्फ (संशोधन) विधेयक 2025 और मुसलमान वक्फ (निरसन) विधेयक 2025 लाया गया था। जिसे विपक्षी सदस्यों के सभी संशोधनों को खारिज करते हुए शुक्रवार 4 अप्रैल को तड़के मतविभाजन के जरिये 93 के मुकाबले 128 मतों से पारित कर दिया गया है। इस तरह से इस बिल पर संसद ने अपनी मुहर लगा दी है।
मणिपुर में जल्द होगी दोनों समुदायों के बीच अंतिम चरण की वार्ता
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज शुक्रवार तड़के राज्यसभा में बताया कि मणिपुर में पिछले 13 नवंबर से लेकर अब तक एक भी हिंसा नहीं हुई है। अब दोनों ही समुदायों के बीच वार्ता चल रही। जल्द ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अंतिम बैठक होगी। इसके साथ ही राज्यसभा ने सदन में लाए गए मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगाये जाने से जुड़े सांवधिक संकल्प को ध्वनिमत से पारित कर दिया। बता दें इस संकल्प को लोकसभा पहले ही इसे मंजूर कर चुकी है। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस संकल्प पर हुई चर्चा का शुक्रवार तड़के करीब साढे तीन बजे जबाव दिया और कहा इस पर चर्चा में 10 सदस्यों ने हिस्सा लिया है। शाह ने कहा कि एक गलत निर्णय के बाद मणिपुर में यह हिंसा भड़की थी।
पीएम मोदी ने की म्यांमार सैन्य सरकार के प्रमुख मिन आंग ह्लाइंग से मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी ने शुक्रवार 4 अप्रैल को भूकंप राहत प्रयासों और क्षेत्रीय संपर्क पर चर्चा करने के लिए बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में म्यांमार के वरिष्ठ जनरल मिन से मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी ने आज शुक्रवार 4 अप्रैल को म्यांमार के वरिष्ठ जनरल मिन आंग ह्लाइंग से मुलाकात की। बता दें म्यांमार पिछले सप्ताह आए भीषण भूकंप के बाद की स्थिति से जूझ रहा है। जिसमें हजारों लोग मारे गए थे। पीएम मोदी ने बहु-क्षेत्रीय और तकनीकी सहयोग के लिए बंगाल की खाड़ी पहल बिम्सटेक समूह के नेताओं की शिखर बैठक के मौके पर म्यांमार की सैन्य सरकार के प्रमुख वरिष्ठ जनरल मिन से मुलाकात की है।
टैरिफ वॉर: यूएस के बाद भारतीय शेयर बाजार में गिरावट
टैरिफ वॉर के बीच US स्टॉक मार्केट में इस समय हाहाकार मचा हुआ है। गुरुवार रात अमेरिका के शेयर बाजार में नैस्डैक करीब 6 प्रतिशत टूट गया। वहीं Dow Jones इंडेक्स में भी 1600 अंक या करीब 4 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। वहीं S&P 500 में भी करीब 5 प्रतिशत की गिरावट आई है। जिसका असर आज दूसरे दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में भी दिखाई दिया। भारतीय शेयर बाजार में भी गिरावट धीरे-धीरे हावी होती नजर आ रही है।
Sensex में करीब 660 अंक से भी ज्यादा टूटन दर्ज की गई। जबकि Nifty में भी 250 अंक से अधिक की गिरावट देखी गई है। निफ्टी अब करीब 23000 लेवल के नीचे कारोबार करता नजा आ रहा है। जबकि Sensex 75700 पर कारोबार कर रहा है।