नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सीढ़ियों से फिसलने के बाद हुई थी भगदड़,18 यात्रियों की मौत,
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ को लेकर नॉर्दर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु उपाध्याय की ओर से बयान जारी किया गया है। जिसमें हादसे की प्रारंभिक वजह बताई है। हिमांशु उपाध्याय ने कहा जिस समय नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यह दुखद घटना हुई उस समय प्लेटफार्म क्रंमाक 14 पर पटना की ओर जाने वाली मगध एक्सप्रेस और प्लेटफार्म क्रमांक 15 पर जम्मू की ओर जाने वाली उत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस खड़ी थी। इस बीच दोनों प्लेटफार्म के बीच सीढ़ियों पर यात्री के फिसल कर गिरने से उनके पीछे के कई यात्री इसकी चपेट में आ गए। इसके बाद यह दुखद घटना घटित हुई। हादसे की उच्च स्तरीय कमेटी की ओर से जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में करीब 18 यात्रियों की मौत हो गई। वहीं 10 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
राष्ट्रपति मुर्मू ने व्यक्त की संवेदना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे को लेकर संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में यात्रियों की मौत की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। वे शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हैं और घायल यात्रियों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हैं।
पीएम मोदी ने हादसे पर जताया दुख
पीएम नरेन्द्र मोदी ने हादसे को लेकर दुख जाहिर किया है। पीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दुख जताते करते हुए लिखा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ से वे व्यथित हैं। उनकी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने इस भगदड़ में अपने प्रियजनों को खो दिया है। वे प्रार्थना करते हैं कि घायल यात्री जल्दी ठीक हो जाएं। रेलवे प्रशासन के अधिकारी इस भगदड़ से प्रभावित सभी यात्रियों की सहायता कर रहे हैं।
उपराष्ट्रपति धनखड़ ने जताया शोक
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में यात्रियों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। उपराष्ट्रपति सचिवालय की ओर से रविवार को जारी संदेश में यह जानकारी दी गई है। धनखड़ ने हादसे में घायल यात्रियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
वहीं उन्होंने कहा हादसे में यात्रियों की मृत्यु से वे दुखी हैं।
बदइंतजामी के चलते स्टेशन पर मची भगदड़-राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ को लेकर रेलवे को जिम्मेदार ठहराया है। भगदड़ में यात्रियों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। वहीं राहुल गांधी ने कहा भगदड़ रेलवे स्टेशन पर सरकार की बदइंतजामी और लापरवाही का नतीजा है। रेलवे संवेदनशीलता से काम करता तो इस तरह का दुखद हादसा नहीं होता।