गैस टेंकर ने मारी कार और पिकअप को टक्कर,7 की मौत
मध्य प्रदेश के धार जिले में देर रात एक सड़क भीषण हादसा हो गया। इस सड़क हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बदनावर-उज्जैन मार्ग पर हुआ है। यहां ग्राम बामनसुता के पास देर रात एक तेज रफ्तार गैस टैंकर ने पिकअप वाहन और कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के साथ ही पिकअप वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे वाहन में सवार लोग फंस गए। बचाव कार्य के लिए क्रेन की मदद ली गई इसके बाद शवों को किसी तरह बाहर निकाला जा सका।
होलिका दहन आज….कल उड़ेगा रंग गुलाल
होलिका दहन आज गुरुवार 13 मार्च को है। हालांकि इस बार होलिका दहन पर भद्रा की छाया है। इसके चलते होलिका दहन का कार्यक्रम प्रदोष काल में न होकर रात साढ़े दस बजे के बाद होगा। मान्यता है कि होलिका दहन को असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक के रुप में मनाया जाता है। भगवान विष्णु के भक्त प्रह्लाद को मारने के लिए जब हिरण्यकश्यप की बहन होलिका ने उनको जलती आग की लपटों में लेकर बैठ गई थी, तब हरि विष्णु की कृपा से प्रह्लाद को कुछ नहीं हुआ लेकिन जिस होलिका को यह वरदान मिला था कि आग उसका भस्म नहीं कर सकती,वह होलिका आग में जलकर मर गई। इस वजह से तब से हर साल फाल्गुन पूर्णिमा के दिन प्रदोष काल में होलिका का दहन किया जाता है।
धर्मस्थल पर जली हुई चादर मिलने से लोगों में आक्रोश
राजस्थान के भीलवाडा में होली से पहले कथित तौर पर शांति भंग करने का प्रयास किया गया। यहां प्रतापनगर थाना क्षेत्र स्थित वाटर वर्क्स के पीछे बापू नगर इलाके में एक धर्म स्थल पर जली हुई चादर मिली है, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। बताया जाता है कि शहर में पुर रोड स्थित वाटर वर्क्स के पीछे अस्थाना वाटर वर्क्स वाले बाबा साहब की मजार बनी हुई है। जहां की चादर आज गुरुवार की सुबह जली हुई मिली। इसकी जानकारी मिलते ही तत्काल प्रतापनगर थाने से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन का कहना है पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है। उन्होंने सभी लोगों से शांति कायम रखने की अपील की और कहा इस तरह के कृत्य करने वाले असामाजिक तत्वों को पकड़ने के लिए पुलिस की ओर से त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
रूस में आग से 5 लोग की मौत
रूस के सुदूर पूर्व के शहर ब्लागोवेशचेंस्क स्थित एक कार्यालय भवन में आग लग गई। जिससे पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य घायल हो गए है। रूसी आपातकालीन स्थिति मंत्रालय ईएमईआरसीओएम की ओर से गुरुवार को यह जानकारी दी गई। इमरजेंसी मंत्रालय की ओर से बताया गया है इमरजेंसी मंत्रालय के दमकलकर्मियों ने वहां से 10 लोगों को बचा लिया है। हालांकि दुर्भाग्यवश पांच लोगों की मौत हो गई।
आप ने मांगा रेखा सरकार से होली पर मुफ्त सिलेंडर
आम आदमी पार्टी अब दिल्ली की सत्ता में नहीं है, सत्ता बीजेपी के पास है। ऐसे में विपक्ष में बैठी आप अब बीजेपी को चुनाव में किये गये उसके वादों की याद अभी से दिलाना शुरु कर दिया है। बीजेपी ने सरकार बनने पर होली दिपावली जैसे त्यौहार पर मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने का वादा किया था। ऐसे में आप ने राष्ट्रीय राजधानी के कई जगहों पर प्रदर्शन कर भाजपा सरकार को होली पर मुफ्त सिलेंडर देने का वादा पूरा करने की मांग की है। नेता प्रतिपक्ष और पूर्व सीएम आतिशी ने कहा भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली की महिलाओं से कई सारे वादे किए थे। भाजपा ने महिलाओं को 8 मार्च तक 2500 रुपए देने का वादा किया था जो जुमला और धोखा साबित हो गया है।