Nepal Protest LIVE Updates: जेल में फायरिंग— 5 मौतें… सड़कों पर सेना
नेपाल इस समय भीषण राजनीतिक और सामाजिक संकट से गुजर रहा है। भ्रष्टाचार विरोधी प्रदर्शनों की आग ने पूरे देश को हिंसा की चपेट में ले लिया है। प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस्तीफे का ऐलान कर दिया है, लेकिन हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। सड़कों पर सेना उतार दी गई है और राजधानी काठमांडू से लेकर जिला स्तर तक तनाव पसरा हुआ है।
ट्रंप पर PM मोदी का जवाब
भारत-अमेरिका संबंधों में तनाव के बीच ट्रंप ने मोदी को “सबसे अच्छा दोस्त” बताया। पीएम मोदी ने कहा- भारत-अमेरिका नैचुरल पार्टनर्स हैं, ट्रेड बातचीत से नए अवसर खुलेंगे। राष्ट्रपति ट्रंप से बात करने को लेकर आशान्वित। दोनों देशों के लिए सुनहरे भविष्य का निर्माण प्राथमिकता।
एशिया कप 2025: भारत बनाम UAE
एशिया कप 2025 में आज भारत और UAE के बीच टी20 मैच खेला जाएगा। दोनों देशों का यह दूसरा आमना-सामना होगा। पिछली बार दोनों टीमें 2016 एशिया कप (ढाका, 3 मार्च) में भिड़ी थीं, जब भारत ने मुकाबला जीता था। इस मैच पर सबकी नजरें टिकी हैं।
भारत में लॉन्च हुआ iPhone 17
Apple ने iPhone 17 सीरीज और Watch Ultra 3 को लॉन्च किया। भारत में iPhone 17 बेस मॉडल की कीमत ₹82,900 से शुरू, जबकि 17 Pro Max टॉप वेरिएंट ₹2 लाख पार। A19 चिपसेट से बेहतर परफॉर्मेंस और बैटरी बैकअप का दावा। कंपनी ने इसे अब तक का सबसे पावरफुल मॉडल बताया।
ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय SIM एक्टिव
खुफिया रिपोर्ट में बड़ा खुलासा—ऑपरेशन सिंदूर के वक्त बहावलपुर और लाहौर में 11 भारतीय SIM कार्ड एक्टिव थे। सुरक्षा एजेंसियां अब इस पर विस्तृत जांच कर रही हैं। मामला भारत-पाकिस्तान सीमा पार आतंकी गतिविधियों से जुड़ा माना जा रहा है।
पीएम मोदी 15 सितंबर को पूर्णिया दौरे पर
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को पूर्णिया का दौरा करेंगे। वे चुनावी रैली को संबोधित करेंगे और बीजेपी की तैयारियों का जायजा लेंगे। यह दौरा बिहार में एनडीए के चुनावी अभियान की अहम कड़ी माना जा रहा है।
जेपी नड्डा का बिहार दौरा 13 सितंबर
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा 13 सितंबर को बिहार जाएंगे। वे चुनावी रणनीति की समीक्षा करेंगे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच नड्डा का यह दौरा एनडीए की चुनावी रणनीति को धार देने वाला माना जा रहा है।
पौलैंड का दावा—रूस ने एयरस्पेस तोड़ा
पौलैंड ने बड़ा आरोप लगाया है कि रूस ने यूक्रेन पर हमले के दौरान उसका एयरस्पेस तोड़ा। इस मामले पर पौलैंड ने नाटो सहयोगियों को जानकारी दी है। रूस की इस कार्रवाई को पौलैंड ने गंभीर उल्लंघन करार दिया और कड़ी प्रतिक्रिया देने की चेतावनी दी।
चंडीगढ़ HC में लैंड-पूलिंग केस
पंजाब की लैंड-पूलिंग नीति को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर आज चंडीगढ़ हाई कोर्ट में सुनवाई होगी। किसानों और डेवलपर्स ने नीति को अव्यवहारिक बताते हुए विरोध दर्ज किया है। पंजाब सरकार ने इसे विकास की दृष्टि से अहम करार दिया है।
आबकारी घोटाला केस में सुनवाई
दिल्ली आबकारी घोटाले से जुड़े मामले में हाई कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जवाब मांगा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी याचिका में कार्रवाई को चुनौती दी है। इस पर आज अदालत में अहम सुनवाई होगी।
सोनिया गांधी केस पर सुनवाई
दिल्ली की एक अदालत में आज कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के खिलाफ वोटर लिस्ट मामले में FIR दर्ज कराने की मांग पर सुनवाई होगी। याचिकाकर्ता का आरोप है कि मतदाता सूची में अनियमितताएं हुईं। कांग्रेस ने आरोपों को राजनीतिक साजिश बताया है।
असम CM का बड़ा खुलासा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा आज कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई और उनके परिवार के विदेशी संबंधों का खुलासा करेंगे। उन्होंने पहले ही सोशल मीडिया पर इस मुद्दे पर संकेत दिए थे। इसे लेकर असम की राजनीति में हलचल मची हुई है।
राहुल गांधी रायबरेली दौरे पर
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज और कल रायबरेली दौरे पर रहेंगे। वे अपने निर्वाचन क्षेत्र में कार्यकर्ताओं और जनता से मुलाकात करेंगे। आगामी लोकसभा उपचुनावों और संगठन को मज़बूत करने की रणनीति पर भी चर्चा करने का कार्यक्रम है।
फ्रांस का नया प्रधानमंत्री
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सेबास्टियन लेकोर्नू को देश का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया। लेकोर्नू पहले रक्षा मंत्री रह चुके हैं। प्रधानमंत्री की नियुक्ति को लेकर लंबे समय से चर्चा थी। अब लेकोर्नू फ्रांस की नई कैबिनेट का नेतृत्व करेंगे।
व्हाइट हाउस का इजरायल पर बयान
व्हाइट हाउस ने कहा कि “हमास पर हमला एक सार्थक लक्ष्य है।” अमेरिका ने इजरायल के हालिया हमलों को उचित ठहराया और गाज़ा पर हमले रोकने की कोई अपील नहीं की। बयान के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और गहराने की आशंका जताई जा रही है। (प्रकाश कुमार पांडेय)





