भारत के कई हिस्सों में मानसून पूर्व गतिविधियों के तेज होने से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। मौसम विभाग ने 3 से 4 जून के बीच भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि विशेषकर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब के साथ हरियाणा में हल्की से मध्यम बारिश होने के संकेत मिल रहे हैं। इन क्षेत्रों में बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है। जिससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। वहीं प्री-मानसूनी बारिश की बौछार से खेती के साथ ही जल स्रोतों और पर्यावरण के लिए सकारात्मक मानी जा रही है।
- दिल्ली-NCR समेत डेढ़ दर्जन राज्यों में अलर्ट
- तूफान के साथ धूलभरी आंधी
- रात की बारिश का खतरा
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में मौसम ज्यादा सक्रिय होता दिख रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने देहरादून सहित 9 जिलों—पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में भारी से हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इससे पहाड़ी इलाकों की खेती और पर्यटन को फायदा हो सकता है, लेकिन साथ ही भूस्खलन और जलभराव की भी आशंका है। स्थानीय प्रशासन ने सतर्कता बरतने के निर्देश जारी कर दिए हैं और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट पर रखा गया है।
पूर्वोत्तर में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा
पूर्वोत्तर भारत—विशेषकर असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, त्रिपुरा, मिजोरम और सिक्किम—में लगातार हो रही भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में अब तक 37 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने यहां भी रेड अलर्ट जारी किया है। NDRF, सेना, पुलिस और स्थानीय प्रशासन राहत व बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। मानसून के आगमन से पहले ही मौसम का यह रुख देश के कई हिस्सों में प्राकृतिक चुनौतियों और अवसरों दोनों को जन्म दे रहा है।
उत्तर भारत के पंजाब के साथ हरियाणा ही नहीं उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में वृद्धि हो सकती है। यहां गरज-चमक के साथ तेज़ हवा चलने की भी संभावना जताई गई है। मध्य और पूर्व भारत में मध्य प्रदेश के साथ ही बिहार और झारखंड, आंतरिक कर्नाटक में हल्की बारिश हो सकती है। दक्षिण और पश्चिम भारत की बात करें तो पूर्वी गुजरात, दक्षिण छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश के साथ तेलंगाना के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। यह मौसम अगले दो दिनों तक बना रह सकता है।
पहाड़ी राज्यों में रहेगा बादलों का डेरा
पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में 5 जून तक लगातार बारिश का दौर जारी रह सकता है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी आशंका है। जिसको देखते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया गया है।…….. (प्रकाश कुमार पांडेय)