"इस गर्मी, शिनच्यांग में मिलें" वैश्विक इंफ्लुएंसर अभियान की शुरुआत
3 अगस्त को चाइना मीडिया ग्रुप (CMG) के यूरोप-लैटिन अमेरिका भाषा कार्यक्रम केंद्र और
शिनच्यांग उइगुर स्वायत्त प्रदेश सरकार के न्यूज कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में "इस गर्मी,
शिनच्यांग में मिलें" वैश्विक इंफ्लुएंसर सह निर्माण संचार अभियान की शुरुआत शिनच्यांग के
अक्सू क्षेत्र के खुचे शहर में हुई।
अभियान का शुभारंभ खुचे संग्रहालय में आयोजित "संग्रहालय की जादुई रात" थीम वाले कार्यक्रम
के साथ किया गया। इस दौरान इमर्सिव प्रदर्शनी और इंटरैक्टिव अनुभवों के जरिए प्रतिभागियों को
हजारों साल पुरानी खुचे संस्कृति को करीब से जानने और महसूस करने का अवसर मिला। साथ
ही, रेशम मार्ग की प्राचीन सभ्यता की समृद्ध विरासत और समय के साथ उसके विकास को भी
प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इस समय चीन में गर्मियों की छुट्टियों का पर्यटन सीजन चरम पर है और शिनच्यांग आने वाले
पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अगस्त के महीने में अक्सू क्षेत्र अपने मनमोहक प्राकृतिक
नजारों और स्वादिष्ट फलों के लिए खास पहचान रखता है। अभियान में शामिल देशी और विदेशी
इंफ्लुएंसरों ने कहा कि वे अक्सू पहुंचकर खुचे की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब
से जानने के लिए उत्साहित हैं।
उन्होंने बताया कि वे खास तौर पर खुचे के पुराने शहर में स्थानीय लोगों के जीवन और संस्कृति
का अनुभव करना चाहते हैं। उनका कहना था कि प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विविधता के
अलावा वे इस यात्रा के दौरान मिलने वाले नए और अनोखे अनुभवों का भी बेसब्री से इंतजार कर
रहे हैं।
इस अभियान का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय नजरिए से तैयार की गई मौलिक सामग्री के जरिए दुनिया
के सामने नए दौर के शिनच्यांग की एकता, सद्भाव, समृद्धि, विकास, खुलेपन और समावेशी
संस्कृति को पेश करना है। इस अभियान में जर्मनी, फ्रांस, ब्रिटेन, चेक गणराज्य, पोलैंड, ग्रीस,
सर्बिया और क्रोएशिया समेत 11 देशों के विदेशी इंफ्लुएंसरों के साथ CMG के बहुभाषी एंकर भी
हिस्सा ले रहे हैं।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)