आरजेडी सुप्रीमो और बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव का आज 77वां जन्मदिन है। लालू प्रसाद यादव आज 77 साल के हो गये हैं। जन्मदिन के मौके पर लालू यादव ने रात 12 बजे पटना स्थित अपने आवास पर परिवार के सदस्यों के साथ केक काटा और जन्मदिन मनाया। लालू यादव की परिवार के साथ जन्मदिन मनाने की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर सामने आई हैं। इन तस्वीरों में लालू यादव अपने बड़े बेटे तेज प्रताप को केक खिलाते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान उनकी पत्नी और बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी के साथ बेटी रोहिणी आचार्य भी नजर आईं।
- परिवार के साथ लालू यादव ने रात में मनाया जन्मदिन
- जन्मदिन पर लालू काटेंगे 77 पाउंड का केक
- लालू यादव ने परिवार संग आधी रात को मनाया बर्थडे
- लालू यादव मना रहे आज 77वां बर्थ डे
- सोशल मीडिया पर तस्वीरें आईं सामने
- बड़े बेटे तेज प्रताप को केक खिलाया
- राबड़ी देवी और बेटी रोहिणी आचार्य को भी खिलाया केक
वहीं लालू यादव आज 11 जून को राबड़ी आवास पर अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ जन्मदिन मना रहे हैं। 77 पाउंड का केक भी काटा जाएगा। आरजेडी की ओर से कहा गया है कि इस बार पार्टी सुप्रीमो लालू यादव का जन्मदिन पूरे उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। बता दें कि लालू यादव का जन्म 11 जून 1948 को बिहार स्थित गोपालगंज फुलवरिया गांव में हुआ था। गोपालगंज में जन्मे लालू प्रसाद यादव ने छात्र जीवन से ही राजनीतिक की शुरुआत कर दी थी। जिसके बाद वे बिहार राज्य के सीएम बने। इसके बाद लालू यादव देश के रेल मंत्री भी बने थे। लालू प्रसाद यादव ने भाई के साथ पटना जाने से पहले अपने गांव के ही स्थानीय मिडिल स्कूल में पढ़ाई की। इसके बाद जब लालू यादव पटना आए तो वहां से उन्होंने स्नातक और एमए की पढ़ाई पूरी की।
पशु चिकित्सा महाविद्यालय में थे क्लर्क
बता दें लालू यादव ने कभी क्लर्क की नौकरी के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। बिहार के पटना स्थित बी.एन. कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक करने के बाद लालू प्रसाद यादव ने बिहार पशु चिकित्सा कॉलेज में क्लर्क की नौकरी भी की। इसी कॉलेज में उनके बड़े भाई प्यून का काम करते थे।
लालू प्रसाद यादव पढ़ाई के दौरान ही जय प्रकाश नारायण के छात्र आंदोलन से प्रभावित होकर उससे जुड़ गए थे। देश में जब आपातकाल लागू किया गया तो उस दौरान वे छात्र नेता के रुप उभरे। फिर धीरे धीरे बिहार की राजनीति में लानू ने अपना बड़ा कद बढ़ाया। साल 1990 से 1997 तक लालू यादव बिहार के मुख्यमंत्री भी रहे। इसके बाद साल 2004 में यूपीए की सरकार में उन्हें रेल मंत्री बनाया गया। लालू 2009 तक इसी पद पर रहे।