मध्यप्रदेश में लाडली बहना योजना ने प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया है। लाडली बहना योजना के तहत महिलाओं को उनके स्वास्थ्य के साथ ही पोषण और आर्थिक स्वतंत्रता में सुधार करने के लिए सरकार की ओर से हर माह 1250 रुपये की मासिक वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि उनके समग्र सशक्तिकरण में योगदान देती है। इस बार भी रक्षा बंधन पर योजना के तहत सभी पात्र महिलाओं को शगुन के तौर पर 250 रुपये जोड़कर 1500 रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। वहीं 2028 तक 1250 रुपये से बढ़ाकर यह राशि 3000 रुपये किये जाने का लक्ष्य राज्य की मोहन यादव सरकार ने रखा है। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव स्वयं पिछले दिनों प्रदेश के सिंगरौली जिले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा कर चुके हैं कि दीपावली के बाद से लाडली बहना योजना की राशि को बढ़ाकर 1500 रुपये किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के ऐलान से दोगुनी हुई खुशी
इस बार भी मिलेगा बहनों को रक्षाबंधन पर 250 रुपये का शगुन
दीपावली के बाद से मिलेंगे लाडली बहनों को 1500 रुपये
2028 तक राशि बढ़कर होगी 3000 रुपये प्रतिमाह
जल्द मिलेगी 26वीं किस्त
10 जुलाई से 15 जुलाई के बीच मिलेंगे लाडली बहनों को पैसे
सिंगरौली के इसी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने जोर देकर कहा था कि जब एमपी में विपक्षी दल की सरकार थी, उस समय प्रदेश में बेटे-बेटियों के लिंगानुपात में बड़ा अंतर था। लेकिन बीजेपी की सरकार में लाड़ली बेटी जन्म से ही लखपति हो, इसकी शुरुआत मध्यप्रदेश से ही हुई थी। सीएम ने कहा बेटियां जब 18 साल की उम्र पूरी करेंगी, तो राज्य सरकार की ओर से उन्हें एक-एक लाख रुपए से अधिक राशि दी जाएगी। सीएम डॉ.मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार लाड़ली बहनों और स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त करने के लिए लगातार काम कर रही है। पहले मध्य प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय महज 11 हजार रुपये हुआ थी, लेकिन आज हमारी सरकार के प्रयासों से यह बढ़कर 1 लाख 52 हजार रुपए प्रतिवर्ष हो गई है। सीएम ने कहा रक्षाबंधन से पहले सभी पात्र बहनों को 250 रुपए की शगुन के रूप में अतिरिक्त राशि भेजी जाएगी। जबकि इसी दीपावली के बाद प्रदेश की सभी लाडली बहनों को राज्य सरकार की ओर से हर माह 1500 रुपए महीना दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहन-बेटियों के हाथ में पैसा रहे तो घर ठीक से चलता है।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने घोषणा की है कि रक्षाबंधन 9 अगस्त 2025 के पावन पर्व पर लाडली बहना योजना की 26वीं किस्त में 1250 रुपये के बजाय 1500 रुपये दिए जाएंगे। 250 रुपये की यह अतिरिक्त राशि रक्षा बंधन के त्योहार के उपलक्ष्य में विशेष उपहार स्वरुप दी जाएगी। जिससे मध्यप्रदेश की महिलाएं त्योहार को और भी आत्मगौरव से मना सकें।
27 करोड़ से अधिक का बजट महिलाओं को समर्पित
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार की ओर से 27 हजार करोड़ से अधिक की बजट राशि प्रदेश की महिलाओं को समर्पित की है। जिसमें लाड़ली बहना योजना के लिए सरकार ने 18 हजार करोड़ से अधिक की राशि का प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश में 51 लाख से अधिक लाड़ली बेटियां पंजीकृत हैं। इनमें से करीब 12 लाख 99 हजार बेटियों को 672 करोड़ रुपये की छात्रवृ्त्ति दी जा रही है। वहीं गांवों में रहने वाली 62 लाख बहनों के 5 लाख स्व-सहायता समूहों को सशक्त करने के लिए राज्य सरकार राशि प्रदान कर रही है। मध्यप्रदेश की बहनों को नगर निगम, नगर पालिका और पंचायत के चुनावों में 50 फीसदी आरक्षण दिया जा रहा है। सीएम डॉ.मोहन यादव ने कहा अगले लोकसभा और विधानसभा के चुनावों में महिलाओं को 33 प्रतिशत सीटों पर आरक्षण का लाभ मिलेगा।





