कोलकाता में चीनी महावाणिज्यदूत श्यू वेई ने शनिवार को भारतीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल के
साथ बैठक की। इस दौरान दोनों पक्षों ने चीन भारत मीडिया सहयोग और सांस्कृतिक आदान प्रदान
को बढ़ावा देने के साथ ही दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी समझ बढ़ाने के तरीकों पर विचार
साझा किए।
बैठक में महावाणिज्यदूत श्यू ने कहा कि दोनों देशों के नेताओं के रणनीतिक मार्गदर्शन में चीन
भारत संबंधों में लगातार सुधार हो रहा है और सांस्कृतिक आदान प्रदान की गतिविधियां भी
उत्साहपूर्वक आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया चीन और भारत के बीच आपसी समझ,
विश्वास और लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने भारतीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल के चीन दौरे का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि
प्रतिनिधिमंडल चीन के विकास और समाज को अधिक वास्तविक और व्यापक रूप से समझेगा।
साथ ही, चीन-भारत मैत्री की कहानियों को सामने लाकर दोनों देशों के संबंधों के स्वस्थ विकास के
लिए सकारात्मक माहौल बनाने में योगदान देगा।
वहीं, प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख तथा SANMARG के प्रबंध निदेशक और मुख्य समूह संपादक
विवेक गुप्ता ने महावाणिज्य दूतावास के निमंत्रण के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि भारत
और चीन प्राचीन सभ्यताएं हैं और दोनों देशों के लोगों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों का लंबा इतिहास रहा
है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से चीन को और करीब से समझने तथा दोनों देशों के लोगों
के बीच आपसी समझ और मैत्रीपूर्ण सहयोग को बढ़ावा देने की इच्छा है।
गौरतलब है कि कोलकाता स्थित चीनी महावाणिज्य दूतावास के निमंत्रण पर “द टाइम्स ऑफ
इंडिया” और SANMARG सहित 7 प्रमुख मीडिया संस्थानों का एक प्रतिनिधिमंडल 16 से 22
अगस्त तक चीन के नानचिंग और छांगशा शहरों का दौरा कर रहा है। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल
चीन की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और चीनी शैली के आधुनिकीकरण को करीब से समझने के
साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे विकास का प्रत्यक्ष अनुभव कर रहा है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)





