राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ.मोहन भागवत अलीगढ़ आने वाले हैं। वे 17 अप्रैल से 21 अप्रैल तक पांच दिन तक अलीगढ़ के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान मोहन भागवत अलीगढ़-मथुरा रोड स्थित केशव सेवा धाम में ठहरेंगे। ऐसे में उनके दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन और संघ के पदाधिकारी दोनों ही स्तरों पर तैयारियां अंतिम चरण में है।
- अलीगढ़ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सरसंघचालक डॉ.मोहन भागवत
- ब्रज प्रांत में 14 वर्ष बाद पांच दिन करेंगे प्रवास
- 17 अप्रैल से 21 अप्रैल तक पांच दिन अलीगढ़ में रहेगे
- अलीगढ़-मथुरा रोड स्थित केशव सेवा धाम में ठहरेंगे भागवत
- स्थानीय प्रशासन और संघ के पदाधिकारियों ने की तैयारी
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ RSS के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत करीब 14 साल के बाद एक बार फिर यूपी के ब्रज प्रांत में पांच दिन के प्रवास पर आ रहे हैं। भागवत 17 से 21 अप्रैल तक अलीगढ़ स्थित केशव सेवा धाम में रहेंगे। संघ प्रांतीय पदाधिकारियों के अतिरिक्त प्रचारकों के साथ अहम बैठकें करेंगे। बताया जाता है कि संघ प्रमुख मोहन भागवत आज गुरुवार को शाम 5 बजे नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस से अलीगढ़ जंक्शन पर पहुंचने वाले हैंं जहां से वे सड़क मार्ग से मथुरा रोड पर बने केशव सेवा धाम जाएंगे।
केशव सेवा धाम परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम
अलीगढ़ मथुरा रोड स्थित केशव सेवा धाम परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं। इसके साथ ही आसपास के इलाके में भी पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। आरएसएस प्रमुख अपने पांच दिनी प्रवास के दौरान संघ के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न संगठनात्मक बैठकें करेंगे। संभावना है भाजपा पदाधिकारियों के साथ भी मोहन भागवत बैठक कर सकते हैं। माना जा रहा है कि मोहन भागवत पश्चिम उत्तर प्रदेश में संघ की गतिविधियों की समीक्षा भी करेंगे। इसके साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी इन पांच दिनों में तय की जाएगी। सूत्रों की माने तो संघ प्रमुख डॉ.मोहन भागवत स्वयंसेवकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ भी संवाद कर सकते हैं। उनके इस दौरे को बेहद खास माना जा रहा है। क्योंकि साल 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद यह मोहन भागवत का पहला बड़ा क्षेत्रीय प्रवास है।
केशव सेवा धाम के आसपास प्रशासन मुस्तैद
अलीगढ़ में केशव सेवा धाम संघ का एक प्रमुख केंद्र है। जहाँ अधिकांशत: क्षेत्रीय स्तर की संघ की बैठकें होती रहती हैं। एंसे में संघ प्रमुख के आगमन के चलते यहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। अलीगढ़ जिला प्रशासन के साथ पुलिस और खुफिया एजेंसियां सतर्क मोड पर हैं। सेवा धाम के प्रवेश द्वार से लेकर परिसर तक सख्त नजर रखी जा रही है। बाहर से आने वालों की कड़ी जांच भी की जा रही है।
रणनीति और सामाजिक सरोकार पर मंथन
जानकारों की माने तो मोहन भागवत के इस प्रवास के दौरान संघ के सामाजिक सरोकारों, सेवा कार्यों के साथ राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर भी मंथन हो सकता है। संघ प्रमुख भागवत का यह दौरा केवल संगठनात्मक ही नहीं बल्कि वैचारिक दृष्टि से भी खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।