क्या सिद्धारमैया की जगह लेंगे डीके शिवकुमार? कांग्रेस में सीएम बदले जाने की अटकलें तेज़
कर्नाटक की राजनीति में एक बार फिर मुख्यमंत्री बदलने की अटकलें तेज हो गई हैं। समाज में चर्चा है कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की जगह उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ले सकते हैं। इस पूरे मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को बड़ा बयान देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बदले जाने का फैसला पार्टी का आलाकमान करेगा और किसी को भी अनावश्यक बयानबाजी नहीं करनी चाहिए। दरअसल, कांग्रेस विधायक एचए इकबाल हुसैन ने रविवार को दावा किया था कि डीके शिवकुमार को अगले दो-तीन महीने में मुख्यमंत्री बनने का मौका मिल सकता है। यह बयान ऐसे समय पर आया है जब सहकारिता मंत्री केएन राजन्ना पहले ही सितंबर के बाद बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के संकेत दे चुके हैं। 2023 में जब कांग्रेस सत्ता में आई थी, तब ऐसी खबरें थीं कि सिद्धारमैया और शिवकुमार के बीच ढाई-ढाई साल के सीएम का फॉर्मूला तय हुआ है। हालांकि कांग्रेस ने न तो इस फॉर्मूले की पुष्टि की और न ही खंडन किया। इकबाल हुसैन ने यह भी कहा कि कांग्रेस की जीत में शिवकुमार की भूमिका ऐतिहासिक रही है, और पार्टी को इसका इनाम देना चाहिए। इस बयान के बाद सियासी पारा फिर चढ़ गया है और अब सबकी नजर आलाकमान के फैसले पर टिकी है।
2023 में ही हुआ था सत्ता के दो दावेदारों के बीच समझौता
कर्नाटक में मई 2023 में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच तीखी प्रतिस्पर्धा देखी गई थी। उस वक्त कांग्रेस हाईकमान ने शिवकुमार को उपमुख्यमंत्री पद के लिए राज़ी कर लिया था। हालांकि तब से लेकर अब तक ये चर्चा ज़िंदा रही कि दोनों नेताओं के बीच “ढाई-ढाई साल के सीएम” का फार्मूला तय हुआ था या नहीं।
खरगे का जवाब – आलाकमान लेगा अंतिम फैसला
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी है। सोमवार को मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “यह मामला पूरी तरह से आलाकमान के अधिकार क्षेत्र में है। किसी को भी गैरज़रूरी विवाद नहीं खड़ा करना चाहिए।” खरगे का यह बयान ऐसे समय आया है जब पार्टी के कई नेता अक्टूबर तक मुख्यमंत्री बदले जाने की बात कह रहे हैं।