कानपुर में लव ट्राएंगल बना मौत का कारण, किन्नर काजल और भाई की हत्या
कानपुर: हनुमंत विहार में रहने वाली किन्नर काजल और उसके 12 वर्षीय भाई देव की हत्या का मामला पुलिस के लिए उलझा हुआ पहेली बन गया है। काजल की मां गुड्डी देवी ने तीन युवकों—गोलू उर्फ आलोक, आकाश और हेमराज उर्फ अजय—पर आरोप लगाया है कि पैसों, प्रॉपर्टी और प्रेम संबंधों के विवाद में उन्होंने बेटी और बेटे की जान ले ली। मां का कहना है कि गोलू को 5 लाख रुपये दिए गए थे, जिसे लौटाने के बजाय उसने साथियों के साथ मिलकर काजल को मौत के घाट उतार दिया।
पैसे और प्रॉपर्टी के विवाद में हत्या का शक
पुलिस जांच में सामने आया है कि काजल और गोलू के बीच 5 लाख रुपये को लेकर विवाद था। यह रकम प्लॉट खरीदने के लिए दी गई थी, लेकिन गोलू ने हड़प ली। काजल का पहला बॉयफ्रेंड आकाश था, जिसने पहले उसके गहने और नकदी चुराई, जेल गया, फिर दोबारा करीब आने की कोशिश की। इस खींचतान में हेमराज भी शामिल हो गया, जो पहले किसी अन्य किन्नर का प्रेमी था।
भाई की हत्या गवाह मिटाने के लिए
पुलिस के अनुसार, देव की हत्या सिर्फ इसलिए की गई क्योंकि वह हत्यारोपियों को पहचानता था। 5 अगस्त की रात 8:15 बजे सीसीटीवी में आकाश को काजल के कमरे में जाते देखा गया। इसके बाद दोनों भाई-बहन मृत पाए गए। वारदात के बाद से तीनों आरोपी फरार हैं।
काजल का लिंग परिवर्तन और शोहरत
जन्म के समय काजल का नाम आकाश था और वह लड़का थी। किन्नरों के पास जाने के बाद उसने लिंग परिवर्तन और फेस सर्जरी कराई। डांस में माहिर होने के कारण वह पार्टियों में परफॉर्म कर खूब कमाती थी, जिससे कई लोग उसके करीब आए।
मर्डर के बाद भी फोन से एक्टिव
परिवार ने बताया कि आरोपी काजल का फोन लेकर भाग गए और मर्डर के बाद भी उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्मी गानों और लोकेशन वाली रील्स पोस्ट कर रहे हैं। रविवार सुबह भी इंस्टाग्राम स्टोरी पर नया वीडियो लगाया गया, जिसकी जानकारी पुलिस को दी गई है।