मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की उत्तर प्रदेश के बिजनौर स्थित पुश्तैनी जमीन को लेकर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। नजीबाबाद तहसील के अमीखानपुर गांव में मौजूद जमीन पर कथित कब्जे के लिए आरोपियों ने उनके पिता महेंद्र नाथ के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर दिए। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है। जांच में यह भी सामने आया है कि फर्जी दस्तावेजों में कमलनाथ की मां का नाम तक बदल दिया गया था।
वसीयत दर्ज कराने पहुंचे बेटे तो खुला जमीन फर्जीवाड़े का पूरा राज
कमलनाथ परिवार के पास अमीखानपुर गांव में करीब 90 बीघा जमीन बताई गई है। इसके वारिस उनके बेटे हैं। इनमें से करीब 26 बीघा जमीन बटाई पर दी गई है और खेती के साथ उसकी देखरेख भी बटाईदार करता है। परिवार की ओर से नियमित निगरानी नहीं होने के कारण जमीन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी बटाईदार के जरिए मिलती रहती थी। मामला तब सामने आया जब कमलनाथ के बेटे ने जमीन की वसीयत दर्ज कराने के लिए नजीबाबाद तहसील में आवेदन किया।
पिता की मौत की तारीख तक बदलकर तैयार किया गया फर्जी प्रमाणपत्र
तहसील के रिकॉर्ड में जांच के दौरान महेंद्र नाथ के नाम से तैयार कथित फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र और वसीयत का पता चला। एफआईआर के अनुसार मृत्यु प्रमाणपत्र में महेंद्र नाथ की मृत्यु 10 अप्रैल 2003 दिखाई गई, जबकि परिवार के मुताबिक उनका वास्तविक निधन 7 सितंबर 2004 को हुआ था। दस्तावेज में उनकी पत्नी का नाम प्रेमलता दर्ज किया गया, जिसे कमलनाथ ने गलत बताया है।
चार लोगों पर दर्ज हुआ मामला, दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
मामले में धर्मपाल सिंह, जसबिंदर सिंह ढिल्लों, विजय शंकर पांडे और लेखपाल डेविड कुमार के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि लेखपाल समेत अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस अब फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उन्हें सरकारी रिकॉर्ड में इस्तेमाल करने की पूरी प्रक्रिया की जांच कर रही है।
क्या दूसरे जमीन मामलों में भी हुआ ऐसा खेल?
पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि आरोपियों ने कहीं इसी तरीके से अन्य संपत्तियों पर कब्जा करने की कोशिश तो नहीं की। कमलनाथ परिवार की जमीन से जुड़े रिकॉर्ड, वसीयत और मृत्यु प्रमाणपत्र की जांच के जरिए पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही फर्जीवाड़े की पूरी तस्वीर सामने आएगी।