काजोल के बयान से मचा बवाल, मराठी भाषा को लेकर भड़कीं, हिंदी पर जताई नाराज़गी
बॉलीवुड की दमदार अदाकारा काजोल एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई फिल्म नहीं बल्कि उनकी जुबान है। हाल ही में एक इवेंट के दौरान काजोल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मराठी भाषा में संवाद करते हुए हिंदी में बात करने से इनकार कर दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसके बाद उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की स्टार होते हुए काजोल द्वारा हिंदी न बोलने की जिद कई लोगों को नागवार गुज़री। यही वजह है कि अब यह मसला ‘मराठी बनाम हिंदी’ जैसी भाषायी बहस में तब्दील हो गया है। काजोल का कहना है कि वे अपनी मातृभाषा मराठी में सहज हैं, लेकिन ट्रोल्स का कहना है कि एक हिंदी फिल्म कलाकार को हिंदी का अपमान नहीं करना चाहिए।
इवेंट में मराठी में बोलीं काजोल, हिंदी को किया नज़रअंदाज़
काजोल हाल ही में मुंबई में एक अवॉर्ड शो में पहुंची थीं। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान हिंदी को छोड़ मराठी भाषा को प्राथमिकता दी। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों से मराठी में ही सवाल पूछने को कहा और खुद भी उसी भाषा में जवाब दिए। जब कुछ पत्रकारों ने हिंदी में सवाल करने की कोशिश की, तो उन्होंने साफ तौर पर कहा कि “मैं मराठी में ही बोलूंगी।” इस रवैये ने सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सैलाब ला दिया
सोशल मीडिया पर ट्रोल्स का गुस्सा
काजोल के इस बयान के बाद ट्विटर, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर उन्हें भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। यूज़र्स ने सवाल उठाया कि जिस इंडस्ट्री ने उन्हें स्टार बनाया, उसी की भाषा को वह नजरअंदाज क्यों कर रही हैं? कुछ ने यहां तक कहा कि अगर उन्हें हिंदी में असहजता है तो उन्हें हिंदी फिल्मों में काम करना छोड़ देना चाहिए। कई यूज़र्स ने यह भी लिखा कि यह सिर्फ एक भाषा नहीं, बल्कि देश की एकता और भावनाओं का सवाल है।
काजोल की सफाई और परिवारिक बैकग्राउंड
इस विवाद के बाद काजोल के करीबी सूत्रों ने बताया कि काजोल मराठी परिवार से आती हैं और घर में हमेशा से मराठी बोली जाती रही है। ऐसे में उन्हें इस भाषा में ज्यादा सहजता महसूस होती है। हालांकि, काजोल ने खुद अभी तक इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक सफाई नहीं दी है। बता दें कि काजोल ने अपने करियर की शुरुआत हिंदी फिल्मों से की थी और उन्होंने एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दी हैं।





