JEE मेन्स में 300 में से 300 नंबर..जानें कौन हैं टॉपर कबीर..
क्या थी उनकी नंबर बटोरने की स्ट्रेटजी
300 में 300 अंक लाकर कबीर बने देश के टॉपर
मेहनत, स्ट्रेटजी और सेल्फ एनालिसिस से मिली ऐतिहासिक सफलता
कोटा। देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में शामिल जेईई मेन्स में इस बार कोटा के छात्र कबीर छिल्लर ने इतिहास रच दिया। उन्होंने सेशन-1 में 300 में से 300 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त की। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ कोटा बल्कि पूरे देश में चर्चा बटोरी है। खास बात यह रही कि कबीर को सेशन-2 की परीक्षा देने की जरूरत ही नहीं पड़ी।
गुरुग्राम निवासी कबीर पिछले दो वर्षों से कोटा में रहकर नियमित क्लासरूम स्टूडेंट के रूप में तैयारी कर रहे थे। उनकी सफलता के पीछे लगातार मेहनत, अनुशासन और सटीक रणनीति की अहम भूमिका रही। इससे पहले भी कबीर 10वीं में 98 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी मजबूत नींव साबित कर चुके थे।
कबीर के परिवार का शैक्षणिक माहौल भी उनकी सफलता में महत्वपूर्ण रहा। उनके पिता आईआईटीयन हैं, जबकि मां एक शिक्षिका हैं। कबीर का कहना है कि सही मार्गदर्शन और दिशा में किया गया प्रयास ही असली सफलता दिलाता है।
उन्होंने पढ़ाई के दौरान क्वालिटी स्टडी पर ध्यान दिया। नियमित मॉक टेस्ट देना, हर पेपर का गहराई से विश्लेषण करना और अपनी कमजोरियों पर काम करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा रहा। कबीर ने रटने की बजाय कॉन्सेप्ट क्लियर करने पर जोर दिया और पढ़ाई को छोटे-छोटे टारगेट्स में बांटकर तैयारी की।
कबीर का मानना है कि पढ़ाई के साथ मानसिक संतुलन भी बेहद जरूरी है। वे समय-समय पर ब्रेक लेकर खुद को फ्रेश रखते थे, जिससे उनका फोकस बना रहा। उनका लक्ष्य आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस में बीटेक और आगे एमआईटी से उच्च शिक्षा प्राप्त करना है। कबीर की सफलता यह साबित करती है कि सही रणनीति, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।