एक चूक और परीक्षा परिणाम रद्द
नकल की हर चाल पर NTA की नजर
JEE की परीक्षा, नियमों का कड़ा पहरा
इंजीनियर बनने का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए JEE Main सिर्फ एक परीक्षा नहीं, बल्कि उनके भविष्य की पहली बड़ी सीढ़ी है। लेकिन इस परीक्षा में अब केवल पढ़ाई और तैयारी ही सफलता का आधार नहीं होगी, बल्कि परीक्षा केंद्र के नियमों का पालन करना भी उतना ही जरूरी है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने अनुचित साधनों के इस्तेमाल को रोकने के लिए Unfair Means (UFM) से जुड़े सख्त प्रावधान सामने रखे हैं। इन नियमों का उल्लंघन उम्मीदवार के परीक्षा परिणाम और भविष्य की प्रवेश प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि परीक्षा हॉल में की गई छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर कार्रवाई का कारण बन सकती है। इसलिए उम्मीदवारों को यह समझना होगा कि परीक्षा केंद्र में क्या करना है और किन गतिविधियों से पूरी तरह बचना है।
परीक्षा हॉल में इन गलतियों से रहें दूर
NTA की गाइडलाइंस में अनुचित गतिविधियों की सूची काफी व्यापक है। इसमें सिर्फ पारंपरिक तरीके से नकल करना ही नहीं, बल्कि डिजिटल माध्यम से गड़बड़ी करने की कोशिश भी शामिल है।
1. इलेक्ट्रॉनिक गैजेट रखना: मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ईयरफोन, कैमरा या अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण रखना UFM के दायरे में आएगा।
2. दूसरे की जगह परीक्षा देना: किसी दूसरे उम्मीदवार को अपनी जगह परीक्षा में बैठाना या खुद किसी दूसरे की जगह परीक्षा देना गंभीर उल्लंघन है।
3. बातचीत और इशारे करना: परीक्षा के दौरान दूसरे उम्मीदवार से बात करना, फुसफुसाना, हाथों से संकेत देना या उसकी कंप्यूटर स्क्रीन पर झांकना प्रतिबंधित है।
4. रफ शीट का गलत इस्तेमाल: परीक्षा समाप्त होने के बाद रफ शीट पर लिखी सामग्री किसी दूसरे उम्मीदवार को देना या उसके माध्यम से जवाब साझा करना अनुचित गतिविधि है।
5. दस्तावेजों में जालसाजी: एडमिट कार्ड, स्कोरकार्ड, आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र या अन्य सरकारी दस्तावेजों में छेड़छाड़ करना गंभीर मामला माना जाएगा।
6. कंप्यूटर सिस्टम से छेड़छाड़: परीक्षा के सॉफ्टवेयर को हैक करने, यूएसबी या हैकिंग टूल इस्तेमाल करने, स्क्रीन रिकॉर्डिंग, फोटो या स्क्रीनशॉट लेने और परीक्षा के टाइमर से छेड़छाड़ करने पर कार्रवाई हो सकती है।
7. परीक्षा स्टाफ को धमकाना: परीक्षा अधिकारियों या दूसरे उम्मीदवारों को डराना, धमकाना अथवा परीक्षा की निष्पक्षता में बाधा डालना भी UFM के तहत आएगा।
8. पर्चियां रखना: लिखी या छपी हुई पर्चियां अपने पास रखना भी अनुचित साधनों के इस्तेमाल में शामिल है।
NTA ने कार्रवाई के प्रावधान भी स्पष्ट किए हैं। UFM के मामलों की समीक्षा के लिए समिति गठित की जाएगी। उल्लंघन की प्रकृति और गंभीरता के आधार पर कार्रवाई तय होगी।
-
उम्मीदवार का JEE Main 2027 का परिणाम रद्द किया जा सकता है और घोषित नहीं किया जाएगा।
-
भविष्य में होने वाली परीक्षाओं से अधिकतम तीन साल तक प्रतिबंधित किया जा सकता है।
-
गंभीर मामलों में आपराधिक कार्रवाई भी हो सकती है।
-
निर्धारित परीक्षा केंद्र के अलावा किसी अन्य केंद्र पर परीक्षा देने या अपनी जगह दूसरे व्यक्ति को बैठाने पर परिणाम रद्द होगा।
-
एक ही सत्र में एक से अधिक बार परीक्षा देने पर उम्मीदवारी रद्द और प्रतिबंध की कार्रवाई हो सकती है