IND vs ENG: जसप्रीत बुमराह ने ठुकराया टेस्ट टीम की कप्तानी का प्रस्ताव, बोले- फिटनेस और करियर प्राथमिकता

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह Jasprit Bumrah ने टेस्ट टीम की कप्तानी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। बुमराह ने बताया कि उन्हें हाल ही में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से टेस्ट टीम की कप्तानी का प्रस्ताव मिला था, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया। स्काई स्पोर्ट्स को दिए इंटरव्यू में बुमराह ने कहा कि वह अपने करियर को लंबा खींचना चाहते हैं, और इसके लिए उन्हें अपने कार्यभार (वर्कलोड) का प्रबंधन बहुत समझदारी से करना होगा।

उन्होंने कहा, “बीसीसीआई BCCI चाहता था कि रोहित शर्मा और विराट कोहली के बाद मैं भारतीय टेस्ट टीम की कमान संभालूं। ये मेरे लिए गर्व की बात थी, लेकिन अभी मेरा ध्यान पूरी तरह से अपनी फिटनेस पर है। मैं एक तेज गेंदबाज हूं और मेरा शरीर हर फॉर्मेट की मांग को झेलने में सक्षम रहे, इसके लिए कप्तानी जैसे दबाव से बचना जरूरी है।”

चोटों से जूझने के बाद बुमराह का फोकस खुद को लंबे समय तक फिट रखने पर
बुमराह पिछले कुछ वर्षों से बार-बार चोटिल होते रहे हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी Border-Gavaskar Trophy के पांचवें टेस्ट से भी चोट के कारण बाहर होना पड़ा था। इसके अलावा, वह चैंपियंस ट्रॉफी जैसे अहम टूर्नामेंट से भी बाहर हो चुके हैं, जिसे भारत ने रोहित शर्मा की कप्तानी में जीतकर इतिहास रचा था।

बुमराह ने कहा कि वह कोई भी फैसला जल्दबाजी में नहीं लेना चाहते। “जब आप फास्ट बॉलर होते हैं तो आपको ज्यादा समझदारी से फैसले लेने होते हैं। कप्तानी एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, लेकिन अभी मेरा शरीर और मेरी फिटनेस मेरी पहली प्राथमिकता है,” बुमराह ने कहा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि भविष्य में अगर हालात बेहतर हुए और वह खुद को पूरी तरह तैयार महसूस करेंगे, तो वे इस जिम्मेदारी को निभाने से पीछे नहीं हटेंगे।

बुमराह के इस फैसले से यह साफ हो गया है कि वह अपने करियर को लेकर गंभीर हैं और भारतीय टीम के लिए ज्यादा से ज्यादा योगदान देना चाहते हैं — भले ही वह कप्तान के रूप में न हो, बल्कि एक जिम्मेदार खिलाड़ी के रूप में हो।

प्रकाश कुमार पांडेय

Exit mobile version