Pakistan: प्रेस ब्रीफिंग में महिला पत्रकार को आंख मारकर फंसे ISPR प्रवक्ता

पाकिस्तान में सेना की मीडिया विंग ISPR के प्रवक्ता अहमद शरीफ चौधरी एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा गया कि उन्होंने सवाल पूछ रही महिला पत्रकार अब्सा कोमान की ओर मुस्कराते हुए आंख मारी। यह घटना कैमरों के सामने होते ही सोशल मीडिया पर भारी आलोचना शुरू हो गई। दरअसल, पत्रकार अब्सा ने इमरान खान पर लगाए जा रहे नए आरोपों पर सवाल किया था—जैसे राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा, एंटी-स्टेट गतिविधियां और दिल्ली के इशारे पर काम करने के दावे। इस पर चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि एक चौथा आरोप और जोड़ लें—“वह जेहनी मरीज भी हैं।” इतना ही नहीं, इसे कहते हुए उन्होंने पत्रकार की ओर आंख मार दी। वीडियो वायरल होते ही पाकिस्तानी सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर गुस्सा जाहिर किया। एक यूजर ने लिखा—“ये सब खुल्लम-खुल्ला कैमरे के सामने हो रहा है, पाकिस्तान में लोकतंत्र खत्म हो चुका है।” दूसरे यूजर ने कहा—“देश मजाक बन गया है, यह सेना प्रवक्ता का व्यवहार नहीं हो सकता। प्रेस ब्रीफिंग के दौरान हुई इस हरकत को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा शुरू हो गई है, और कई लोग इसे पत्रकारों के प्रति अपमानजनक व्यवहार बता रहे हैं।

Exit mobile version