इस्कॉन संस्था पूरी दुनिया में कृष्ण भक्ति के लिए मशहूर है. संस्था के मंदिर गरीबों की मदद के लिए जाने जाते है. हालांकि इन दिनों यह संस्था किसी और कारणों से चर्चा में हैं. दरअसल सोशल मीडिया पर इस्कॉन के संत अमोघ लीला दास के प्रवचन का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें वे स्वामी विवेकानंद और महाऋषि परमहंस के मछली खाने पर सवाल उठा रहे है. इस वीडियो के बाहर आने के बाद इस्कॉन और अमोघ लीला को लोगों का भारी विरोध झेलना पड़ रहा है. अब इस मामले में इस्कॉन ने अपना बयान जारी किया और अमोघ लीला दास पर कार्रवाई करने का निर्णय लिया है.
क्या है विवाद ?
अमोघ लीला दास ने अपने एक प्रवचन के दौरान स्वामी विवेकानंद और महाऋषि रामकृष्ण परमहंस के मांस खाने पर सवाल उठा दिया था. उन्होंने कहा था कि एक सदाचारी व्यक्ति कभी भी किसी के जीवन को नुकसान पहुंचाने वाली चीज का सेवन नहीं करेगा. अमोघ दास ने रामकृष्ण परमहंस पर भी कटाक्ष किया था, जिसके बाद इस प्रवचन की क्लिप्स वायरल होने लग गई और लोग अमोघ दास का विरोध करने लगे. विरोध बढ़ता देख इस्कॉन को भी अपने संत पर कार्रवाई करनी पड़ी.
इस्कॉन ने जारी किया बयान
इस्कॉन ने अमोघ लीला के बयान पर खेद जताते हुए बयान जारी किया है. इस्कॉन की ओर से जारी हुए बयान में कहा गया है कि संस्था को अमोघ लीला दास की दो महान आत्माओं की शिक्षा पर अनुचित और अस्वीकार्य टिप्पणीयों पर दुख है. अमोघ लीला दास के आपत्तिजनक बयान के लिए उन्हें इस्कॉन से एक महीने के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है.
अमोघ दास ने मांगी माफी
इस्कॉन ने बयान जारी करते हुए कहा है कि अमोघ दास ने अपने बयान के लिए माफी मांग ली है. उन्होंने गलती का प्रायश्चित करने के लिए गोवर्धन की पहाड़ियो में जाने का निर्णय लिया है. अमोघ दास ने तत्काल प्रभाव से अगले 1 महीने के लिए अपने आप को सार्वजनिक जीवन से अलग कर लिया है. बता दें कि अमोघ दास का असली नाम आशीष अरोड़ा है. वे पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे, लेकिन उन्होंने साल 2010 में सांसरिक सुख त्यागकर इस्कॉन ज्वॉइन कर लिया. तभी से वे इस संस्था से जुड़े हुए है.
सोशल मीडिया पर लोकप्रिय है अमोघ लीला
अमोघ लीला दास एक अध्यात्म गुरू है जिनके वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते है. वे अध्यात्म और भक्ति की बाते करते है. उन्हें ISCKON के फेस के रूप में भी देखा जाता है. सोशल मीडिया पर उनके मिलियन्स में फॉलोअर्स है, लोग उन्हें सुनना पसंद करते है. सोशल मीडिया पर लोकप्रियता होने के कारण ही ISCKON उनके जरिए कई कैंपेन्स भी चलाता है. पिछले दिनों आदिपुरूष फिल्म के विवाद के दौरान उनका एक वीडियो भी बहुत वायरल हुआ था, जिसमें उनके द्वारा कही गई बातों को फिल्म में डायलॉग्स के रूप में इस्तेमाल किया गया था, जिस पर बड़ा बवाल हुआ है.