आईपीएल 2026 की मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को अबू धाबी में होने जा रही है। सभी 10 टीमों ने अपने रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की सूची साझा कर दी है। नीलामी में कुल 77 स्लॉट खाली रहेंगे, जिनमें 31 विदेशी खिलाड़ियों की बोली लगेगी। हालांकि इस बार कई ऐसे बड़े चेहरे दिखाई नहीं देंगे, जो लंबे समय से लीग का अहम हिस्सा रहे हैं। किसी ने संन्यास लिया है, तो किसी ने निजी कारणों से टूर्नामेंट से दूरी बना ली है।
ग्लेन मैक्सवेल – पहली बार आईपीएल से बाहर
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने आईपीएल 2026 की नीलामी से नाम हटा लिया है। 2012 में दिल्ली के साथ डेब्यू करने वाले मैक्सवेल पिछले सीजन पंजाब किंग्स के साथ थे, लेकिन इस बार फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन नहीं किया। पहली बार ऐसा होगा जब ‘बिग शॉ’ मैक्सवेल आईपीएल का हिस्सा नहीं होंगे।
2फाफ डु प्लेसी – PSL चुना, IPL छोड़ा
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसी ने भी इस नीलामी में हिस्सा नहीं लिया। पिछले साल वे दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेले थे, लेकिन इस सीजन उन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग को प्राथमिकता दी है। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ दो बार खिताब जीतने वाले फाफ 2022–2024 तक आरसीबी की कप्तानी भी कर चुके हैं।
मोईन अली और मोहित शर्मा भी नहीं खेलेंगे
इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर मोईन अली ने भी फाफ की राह पकड़ ली और पीएसएल खेलने के कारण आईपीएल से दूरी बनाई। वहीं भारतीय पेसर मोहित शर्मा हाल ही में संन्यास की घोषणा करने के बाद इस बार नीलामी में नहीं उतरेंगे। मोहित चेन्नई, पंजाब, दिल्ली और गुजरात टाइटंस जैसे कई बड़े कैंपों का हिस्सा रह चुके हैं।
आंद्रे रसेल और आर. अश्विन का IPL करियर समाप्त
कोलकाता नाइट राइडर्स के विस्फोटक ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने भी आईपीएल को अलविदा कह दिया है। केकेआर के साथ 2014 और 2024 में दो खिताब जीतने वाले रसेल अब टीम में बतौर पावर कोच जुड़े हैं। वहीं भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन भी लीग से बाहर हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट से संन्यास के बाद उन्होंने आईपीएल 2026 में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया।