आईपीएल 2026 के आगाज से ठीक पहले फ्रेंचाइजियों के लिए बड़ी चिंता वाली खबर सामने आई है। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। यह तीनों खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों के अहम स्तंभ माने जाते हैं, ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी टीम संतुलन पर सीधा असर डाल सकती है। इतना ही नहीं, चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज नेथन एलिस चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं, जो टीम के लिए बड़ा झटका है। एलिस डेथ ओवरों में अपनी सटीक गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। दरअसल, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने प्रमुख तेज गेंदबाजों के लिए एहतियाती रुख अपनाया है। अगले 12 महीनों में ऑस्ट्रेलिया को दक्षिण अफ्रीका, भारत और इंग्लैंड के खिलाफ करीब 21 अहम मुकाबले खेलने हैं। इसके अलावा 2027 वनडे वर्ल्ड कप का बचाव भी करना है। इसी व्यस्त शेड्यूल और खिलाड़ियों की फिटनेस को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने इन दिग्गजों को शुरुआती मैचों से आराम दिया है। उनकी वापसी आने वाले हफ्तों में फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर करेगी। इससे आईपीएल 2026 की शुरुआत थोड़ी फीकी पड़ सकती है।




