भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने (Indian Premier League 2025) इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के समापन समारोह को भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित करने का निर्णय लिया है। यह फैसला न केवल खेल और देशभक्ति को जोड़ने का एक सार्थक प्रयास है, बल्कि उन जवानों को सम्मान देने का भी प्रतीक है, जो देश की रक्षा में दिन-रात समर्पित रहते हैं।
BCCI की इस पहल पर भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर Gautam Gambhir ने खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा,
“BCCI ने एक ऐसी पहल की है, जहां पूरा देश एक है। जब क्रिकेट और देशभक्ति एक साथ खड़े होते हैं, तो भावनाओं की शक्ति कई गुना बढ़ जाती है। यह केवल एक समारोह नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है।
गंभीर ने आगे कहा कि यह कदम युवाओं में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करेगा और उन्हें यह याद दिलाएगा कि खेल सिर्फ मैदान की बात नहीं है, यह समाज और देश से भी जुड़ा है।
BCCI सूत्रों के मुताबिक, IPL 2025 के फाइनल मैच से पहले होने वाले समापन समारोह में थलसेना, वायुसेना और नौसेना के प्रतिनिधि विशेष आमंत्रित होंगे। साथ ही, एक भव्य ट्रिब्यूट शो के माध्यम से सशस्त्र बलों को सलामी दी जाएगी। समारोह में देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, लाइव परफॉर्मेंस और आर्मी बैंड्स के साथ-साथ उन सैनिकों की कहानियां भी साझा की जाएंगी, जिन्होंने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है।
BCCI अध्यक्ष ने भी बयान जारी कर कहा, “यह मौका हमारे लिए गौरव का है कि हम उस शक्ति को सलाम करें, जो हमारे देश की रीढ़ है। हम चाहते हैं कि हर दर्शक इस फाइनल में सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि देश के लिए सम्मान भी महसूस करे।”
प्रकाश कुमार पांडेय





