मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 1 दिसंबर सोमवार को गीता जयंती के अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का शुभारंभ करने वाले हैं। इस दौरान समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी मौजूद रहेंगे। जिनकी ओर से मध्य प्रदेश के पहले गीता भवन का लोकार्पण भी किया जायेगा। इसके अतिरिक्त गीता महोत्सव के मौके पर इंदौर में ही बास्केटबॉल क्लब में सुबह 10 बजे से 5100 गीतानुरागियों द्वारा सामूहिक गीता पाठ किया जा रहा है। बता दें आज शाम 6 बजे इंदौर के गोपाल मंदिर राजवाड़ा स्थित गीता भवन का भी लोकार्पण पूरे उत्साह के साथ किया जाएगा।
- मध्य प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव
- आज सोमवार से प्रारंभ, तीन दिन चलेगा कार्यक्रम
- इंदौर में सीएम करेंगे गीता महोत्सव का शुभारंभ
- सीएम डॉ. मोहन यादव देंगे इंदौर को गीता भवन की सौगात
दरअसल इंदौर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत ही राजवाड़ा में बने गोपाल मंदिर परिसर में गीता भवन को भी तैयार किया गया है। इस गीता भवन की खासियत विशेषता यह है कि यहां पर करीब 550 सीट का एक खूबसूरत सभागृह भी तैयार किया गया है। इसके अतिरिक्त यहां करीब 100 से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता वाली लाइब्रेरी भी तैयार की गई। जिसकी विशेषता यह है कि यहां पर श्रीकृष्ण और भगवद् गीता से जुड़ी पौराणिक पुस्तकें ही पढ़ने के लिए रहेंगी। गीता जयंती पर आज 1 दिसंबर को यहां श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित नाटक का मंचन भी किया जाएगा और स्कूली बच्चे गीता का पाठ करेंगे।
वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी के अनुसार उज्जैन के दशहरा मैदान पर आज 1 से अलग-अलग सांस्कृतिक आयोजन किए जाएंगे। 3 दिसंबर तक यह कार्यक्रम होंगे। जिसमें आज पहले दिन अभिनेता पुनीत इस्सर की ओर से निर्देशित नृत्य नाटिका जय श्रीकृष्णा का मंचन किया जाएगा। जबकि दूसरे दिन नई दिल्ली की वैष्णवी शर्मा अपना काव्य पाठ विराटजयी और मुंबई के मोहित शेवानी के साथ उनके दल द्वारा कृष्णायन की सांगीतिक प्रस्तुति दी जाएगी। अंतिम दिन उमेश तरकसवार द्वारा निर्देशित विश्ववंदनीय के साथ बैंगलोर के डॉ.सलाउद्दीन पाशा के निर्देशन में बनी गीता ऑन व्हील्स की प्रस्तुति दी जाएगी।