दुबई को गडकरी की दरकार! प्रिंस बोले- गडकरी को 6 महीने के लिए हमें एक्सपोर्ट कर दीजिए… पीएम मोदी भी मुस्कुराए

UAE Prince tells Gadkari to export it to us for 6 months

दुबई को गडकरी की दरकार!

प्रिंस बोले- गडकरी को 6 महीने के लिए हमें एक्सपोर्ट कर दीजिए… पीएम मोदी भी मुस्कुराए

नई दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का एक दिलचस्प किस्सा इन दिनों सुर्खियों में है। गडकरी ने हाल ही में एक जनसभा में बताया कि दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मक्तूम जब भारत दौरे पर आए थे, तब उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक अनोखी मांग रखी थी।

प्रिंस ने मजाकिया अंदाज में पीएम मोदी से कहा था कि “हम पर एक एहसान कर दीजिए। गडकरी जी को छह महीने के लिए दुबई एक्सपोर्ट कर दीजिए। यह सुनकर सभा में मौजूद सभी लोग मुस्कुरा उठे, जबकि प्रधानमंत्री मोदी भी हंसने लगे।

हैदराबाद हाउस की बैठक का किस्सा

केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने बताया कि यह घटना उस समय की है जब हैदराबाद हाउस में बैठक चल रही थी। इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और दुबई के क्राउन प्रिंस मौजूद थे। उसी दौरान यह रोचक बातचीत हुई। गडकरी के अनुसार, इसके बाद प्रिंस ने उन्हें दिल्ली के लीला होटल में भी बुलाया था और उनके काम की जमकर सराहना की थी।

सड़क विकास के रिकॉर्ड और तारीफ

अपने संबोधन में गडकरी ने दावा किया कि भारत में सड़क निर्माण के काम ने अब तक 7 से 9 वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए हैं। उन्होंने कहा देश के हर जिले और गांव में सड़क निर्माण की चर्चा हो रही है।अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, त्रिपुरा जैसे दुर्गम इलाकों में भी सड़कें बेहतर हुई हैं। आम लोग और यहां तक कि ऑटो चालक भी कहते हैं कि पहले के मुकाबले सड़कें कहीं बेहतर स्थिति में हैं। गडकरी ने इस उपलब्धि का श्रेय अपनी टीम और मंत्रालय को दिया।

दुबई प्रिंस का भारत दौरा

गौरतलब है कि दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम 8 अप्रैल 2025 को भारत दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने भारत के बुनियादी ढांचे और सड़क विकास मॉडल में गहरी रुचि दिखाई थी। यह किस्सा गडकरी ने जनता के बीच सुनाया तो सभा तालियों से गूंज उठी। अब सोशल मीडिया पर भी यह बयान वायरल हो रहा है, जहां लोग कह रहे हैं कि “गडकरी का काम ही ऐसा है कि दुबई तक उनसे इंप्रेस हो गया। (प्रकाश कुमार पांडेय )

Exit mobile version