इंडिगो एयरलाइंस कई दिनों से फ्लाइट देरी और रद्दीकरण के कारण परेशानी में है। यात्रियों को हो रही दिक्कतों और सोशल मीडिया पर मिल रही आलोचनाओं को देखते हुए कंपनी ने बड़ा कदम उठाया है। इंडिगो ने घोषणा की है कि 3, 4 और 5 दिसंबर 2025 को सबसे ज्यादा प्रभावित हुए यात्रियों को 10,000 रुपये का ट्रैवल वाउचर दिया जाएगा, जिसे अगले 12 महीनों तक किसी भी इंडिगो फ्लाइट में इस्तेमाल किया जा सकेगा। यह वाउचर उस आधिकारिक मुआवज़े से अलग होगा, जो 5,000 से 10,000 रुपये के बीच दिया जाता है और उन यात्रियों को मिलता है जिनकी उड़ान 24 घंटे पहले रद्द कर दी गई थी।
यात्रियों को वाउचर देने का निर्णय
कंपनी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि इन तीन दिनों में कई एयरपोर्ट्स पर यात्रियों को घंटों इंतजार और भारी भीड़ का सामना करना पड़ा, इसलिए एयरलाइन ने 10,000 रुपये तक का ट्रैवल वाउचर देने का फैसला किया है। यह वाउचर अगले एक साल तक वैध रहेगा और किसी भी इंडिगो फ्लाइट में उपयोग किया जा सकेगा।
रिफंड प्रक्रिया शुरू, बुकिंग प्लेटफॉर्म वाले यात्री भी शामिल
इंडिगो ने बताया कि रद्द हुईं सभी फ्लाइट्स के रिफंड की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकांश यात्रियों को रकम वापस मिल चुकी है और बाकियों को जल्द ही रिफंड भेज दिया जाएगा। ट्रैवल प्लेटफॉर्म्स पर टिकट बुक करने वालों का रिफंड भी प्रोसेस किया जा रहा है।

फ्लाइट रद्दीकरण 10वें दिन भी जारी
11 दिसंबर को ही एयरलाइन को 10 अलग-अलग एयरपोर्ट्स पर आने–जाने वाली 220 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं। इससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई। कंपनी का कहना है कि वह गुरुवार को लगभग 1,950 उड़ानों का संचालन करने की तैयारी में है।
क्षमता में 10% कटौती, सेवाओं को स्थिर करने की कोशिश
इंडिगो सामान्य दिनों में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर 2,300 से अधिक उड़ानें संचालित करती है। लेकिन मौजूदा विंटर शेड्यूल में सरकार ने इसकी क्षमता में 10% की कटौती की है, ताकि कंपनी अपनी सेवाओं को स्थिर कर सके और कैंसिलेशन को कम किया जा सके। यह कदम इसलिए उठाया गया क्योंकि 5 दिसंबर को कंपनी की रद्द हुई उड़ानों की संख्या 1,600 तक पहुंच गई थी।





