दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। हिंडन एयरपोर्ट से अब देश के आठ प्रमुख शहरों के लिए इंडिगो की सीधी उड़ान सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। 20 जुलाई से शुरू हो रही इन उड़ानों के साथ हिंडन एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी में बड़ा इजाफा होगा। इंडिगो ने इस नई सेवा की घोषणा की और उड़ानों का पूरा शेड्यूल जारी किया। कंपनी की योजना है कि अहमदाबाद और इंदौर के साथ-साथ बेंगलुरु, मुंबई, कोलकाता, पटना, वाराणसी और चेन्नई के लिए भी उड़ानें शुरू की जाएं।
हिंडन एयरपोर्ट से उड़ान का नया अध्याय
अब तक हिंडन एयरपोर्ट से एयर इंडिया एक्सप्रेस, स्टार एयर और फ्लाई बिग जैसी कंपनियों की सीमित उड़ानें संचालित हो रही थीं। एयर इंडिया एक्सप्रेस: मुंबई, बेंगलुरु, गोवा, चेन्नई, कोलकाता, पटना, वाराणसी, भुवनेश्वर, जयपुर स्टार एयर: किशनगढ़, नांदेड़, आदमपुर फ्लाई बिग: बठिंडा और लुधियाना अब इंडिगो चौथी एयरलाइन बन गई है जो हिंडन एयरपोर्ट से सेवा शुरू करने जा रही है।
उड़ानों का शेड्यूल और किराया
अहमदाबाद-हिंडन
अहमदाबाद से हिंडन: रोज़ाना सुबह 8:55 AM, आगमन 10:25 AM
हिंडन से अहमदाबाद: सोमवार–शुक्रवार 5:35 PM, आगमन 7:05 PM, रविवार को दो उड़ानें
शनिवार को सेवा नहीं होगी
किराया: ₹3,000 से कम (एक तरफा)
इंदौर-हिंडन
हिंडन से इंदौर: रोजाना दोपहर 2:10 PM, आगमन 3:30 PM
इंदौर से हिंडन: रोजाना शाम 4:00 PM, आगमन 5:20 PM (शनिवार को नहीं)
किराया: ₹4,000 से कम (एक तरफा)
यात्रियों को क्या मिलेगा फायदा?
अहमदाबाद और एमपी की व्यावसायिक राजधानी इंदौर जैसे प्रमुख शहरों तक पहुंचने से जहां ट्रेन रुट से 12–20 घंटे लगते हैं। वहीं अब हवाई यात्रा में केवल 1.5 घंटे ही लगेंगे और यात्रा पूरी हो जाएगी। हिंडन एयरपोर्ट दिल्ली और गाजियाबाद के यात्रियों के लिए एक कम भीड़भाड़ वाला विकल्प है।
इंडिगो ने क्या कहा?
इंडिगो के हेड ऑफ ग्लोबल सेल्स, विनय मल्होत्रा ने कहा, “हिंडन एयरपोर्ट से आठ शहरों तक उड़ानों की शुरुआत हमारी रीजनल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है। इससे यात्रियों को किफायती, तेज़ और सहज हवाई सेवा मिलेगी।”
फ्लाइट की विशेषताएं
सभी उड़ानें 76 सीटों वाले टर्बोप्रॉप विमान से संचालित होंगी। टिकट बुकिंग इंडिगो की वेबसाइट और एप पर उपलब्ध है। उड़ानों की संख्या और गंतव्यों में आगे और विस्तार की संभावना। हिंडन एयरपोर्ट से इंडिगो की उड़ानों की शुरुआत NCR के यात्रियों के लिए सुलभ और सस्ता यात्रा विकल्प लेकर आई है। यह पहल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नया आयाम देने के साथ-साथ गाजियाबाद को एक महत्वपूर्ण एविएशन हब की दिशा में ले जाने वाला कदम है।—(प्रकाश कुमार पांडेय)





