Women’s World Cup 2025 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इतिहास रच दिया। ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ 339 रनों का विशाल लक्ष्य हासिल कर भारतीय टीम ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो इससे पहले वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में कभी किसी टीम ने नहीं किया था। मैच का सबसे बड़ा मोड़ रन चेज शुरू होने से ठीक 5 मिनट पहले आया, जब टीम की रणनीति अचानक बदली गई। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 338/… का बड़ा स्कोर खड़ा किया था, जिसे देखने के बाद भारतीय फैंस का मनोबल कुछ गिर गया था। वर्ल्ड कप के किसी सेमीफाइनल में भारत कभी 200 रन भी नहीं चेज कर पाया था, ऐसे में 300+ का लक्ष्य लगभग असंभव लग रहा था। लेकिन टीम इंडिया के हेड कोच अमोल मजूमदार के एक फैसले ने मैच का पूरा रुख पलट दिया। पोस्ट-मैच में जेमिमा रॉड्रिग्स ने बताया कि उन्हें मैच शुरू होने से सिर्फ 5 मिनट पहले कहा गया कि वे नंबर 5 पर नहीं बल्कि नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने जाएंगी। वह खुद भी इस बदलाव से हैरान थीं, लेकिन टीम के लिए यह बदलाव गेम-चेंजर साबित हुआ। जेमिमा ने शानदार शतक जमाकर भारत की जीत की नींव रखी। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को पांच विकेट से यादगार जीत दिलाई। नौ गेंद शेष रहते भारत ने लक्ष्य हासिल कर महिला क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज पूरा किया। जेमिमा को उनकी दमदार पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
प्रकाश कुमार पांडेय