भुवनेश्वरः भारत ने शुक्रवार को स्पेन को 2-0 से हरा कर विश्व कप का जीत से आगाजा किया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ग्रुप-डी के पॉइंट टेबल में दूसरे नंबर पर आ गई है। इंग्लैंड पहले स्थान पर है। पिछले मैच में अंग्रेजों ने वेल्स को 5-0 से हराया। दूसरी ओर, भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में अर्जेंटीना ने साउथ अफ्रीका को 1-0 और ऑस्ट्रेलिया ने फ्रांस को 8-0 से हराया।
भारत की ओर से अमित रोहिदास और हार्दिक सिंह ने गोल दागे। अमित प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। इससे पहले भारत-स्पेन के बीच मैच देखने के लिए ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ग्राउंड पर पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रगान में भी हिस्सा लिया।
पेनल्टी चूके कप्तान
पहले क्वार्टर के ही खेल में भारत ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। मैच के 12वें मिनट में मिले दूसरे पेनल्टी कॉर्नर पर अमित रोहिदास ने रिबाउंड गोल दागा। हालांकि टीम ने पेनल्टी पर 2 दफा गोल करने के मौके भी गंवाए। 12वें मिनट में कुनिल पेपे को ग्रीन कार्ड मिला।
हाफ टाइम के बाद दोनों ही टीमों ने आक्रमण जारी रखा। तीसरे क्वार्टर के दूसरे और मैच के 32वें मिनट में भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, लेकिन भारतीय कप्तान हरमनप्रीत इस मौके को भुना नहीं सके। 37वें और 43वें मिनट में भारत को दो पेनल्टी कॉर्नर भी मिले, लेकिन गोल नहीं हुआ। तीन क्वार्टर के बाद स्कोर लाइन 2-0 ही रही।





