टेस्ट क्रिकेट में भारत की घरेलू कमजोरी का सिलसिला जारी है। कोलकाता के हार के बाद अब गुवाहाटी में भी टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका के सामने बुरी तरह ढेर हो गई। मेहमान टीम ने गुवाहाटी में खेले गए दूसरे टेस्ट में 408 रनों के विशाल अंतर से जीत दर्ज की, और इस तरह 2-0 से सीरीज अपने नाम की। यह 25 साल बाद दक्षिण अफ्रीका की भारत में टेस्ट जीत है।
दक्षिण अफ्रीका ने आखिरी बार साल 2000 में हैंसी क्रोन्ये की कप्तानी में भारत में टेस्ट सीरीज 2-0 से जीती थी। अब उसी कारनामे को टेंबा बावुमा की कप्तानी में दोहराया गया। 408 रनों की यह जीत दक्षिण अफ्रीका की टेस्ट क्रिकेट में दूसरी सबसे बड़ी जीत बन गई है।
गुवाहाटी टेस्ट में भारत को चौथी पारी में 549 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य मिला, लेकिन टीम इंडिया 140 रनों पर सिमट गई। स्पिनर साइमन हार्मर ने 6 विकेट लिए और मैच पर छाया। बल्ले और गेंद दोनों में शानदार प्रदर्शन करने वाले मार्को यानसेन को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला, जबकि हार्मर प्लेयर ऑफ द सीरीज बने।
इस हार के साथ भारत लगातार दूसरी बार घर पर टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप हुआ। इससे पहले न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की सीरीज में टीम इंडिया को शून्य पर हराया था। करीब 40 साल बाद भारत को लगातार दो घरेलू टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप झेलना पड़ा।