India vs Pakistan: भारत से हार बर्दाश्त नहीं कर पाया पाक फैन, बल्ला मारकर तोड़ा टीवी

कोलंबो के मैदान पर जब टीम इंडिया के गेंदबाज़ पाकिस्तानी बल्लेबाज़ों के विकेट उखाड़ रहे थे, उसी वक्त पाकिस्तान में गुस्से का पारा सातवें आसमान पर था। कोलंबो में खेले गए टी20 विश्व कप मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त दी। इस हार के बाद पाकिस्तान के एक फैन का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो गया।

पाकिस्तानी फैन वकार आज़म ने खुद एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने गुस्से वाले दो इमोजी और एक टूटे दिल वाला इमोजी लगाया। कैप्शन में वकार ने लिखा, “भारत ने पाकिस्तान को फिर हरा दिया और मैंने गुस्से में अपना टीवी तोड़ दिया।” वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया यूज़र्स ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं—कुछ ने मज़ाक उड़ाया तो कुछ ने इसे भावनाओं पर काबू न रखने की मिसाल बताया।

टी20 विश्व कप के इतिहास पर नज़र डालें तो पाकिस्तान का रिकॉर्ड भारत के खिलाफ बेहद खराब रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 9 मुकाबले हुए हैं, जिनमें से 8 में भारत ने जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान सिर्फ एक बार जीत पाया है। खास बात यह है कि 2021 के बाद से लगातार विश्व कप मुकाबलों में भारत ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी को मात दी है।

इतना ही नहीं, पाकिस्तान में भारत से हार के बाद टीवी तोड़ने की घटनाएं अब आम हो चुकी हैं। हाल ही में एक पाकिस्तानी यूट्यूब चैनल के शो के दौरान भी गुस्साए फैन ने लाइव टीवी तोड़ दिया। भारत से हार के बाद ऐसे दृश्य अब हर बड़े मुकाबले के बाद देखने को मिलते हैं।

Exit mobile version