लखनऊ में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाला चौथा टी-20 मैच कोहरे की भेंट चढ़ गया, लेकिन अब इस मैच को देखने आए दर्शकों को राहत की खबर मिली है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने फैसला किया है कि मैच रद्द होने के कारण दर्शकों को उनके टिकट की पूरी रकम वापस की जाएगी। इस फैसले से उन हजारों क्रिकेटप्रेमियों को सुकून मिला है, जो निराश होकर स्टेडियम से लौटे थे।
क्रिकेट के जुनून में बेचा गेहूं
इस मैच को लेकर फैंस का क्रेज अलग ही स्तर पर था। किसी ने अपनी फसल बेचकर टिकट खरीदा तो कोई नेपाल से लंबा सफर तय कर लखनऊ पहुंचा। 17 दिसंबर को इकाना स्टेडियम में मुकाबला होना था, लेकिन शाम से ही घना कोहरा छाया रहा। इसके बावजूद बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंचे, उम्मीद थी कि खेल शुरू होगा।
टॉस तक नहीं पहुंच सका मैच
खराब विजिबिलिटी के चलते अंपायरों ने मैदान का छह बार निरीक्षण किया। हालात नहीं सुधरे और आखिरकार यह तय हुआ कि मैच खेलना संभव नहीं है। टॉस तक नहीं हो सका और दर्शकों को बिना एक भी गेंद देखे वापस लौटना पड़ा।
इंश्योरेंस के नियम आए काम
BCCI के एक अधिकारी ने बताया कि इंटरनेशनल मुकाबलों का इंश्योरेंस राज्य क्रिकेट एसोसिएशन कराती है। नियम के अनुसार अगर मैच में एक भी गेंद डाली जाती, तो टिकट का पैसा वापस नहीं होता। चूंकि इस मैच में टॉस भी नहीं हुआ, इसलिए यूपी क्रिकेट एसोसिएशन इंश्योरेंस कंपनी से क्लेम करेगी।
7–10 दिन में खातों में आएंगे पैसे
टिकट ऑनलाइन बिके थे, इसलिए सभी दर्शकों का डेटा उपलब्ध है। इंश्योरेंस की प्रक्रिया पूरी होने में करीब 7 से 10 दिन लगेंगे। इसके बाद टिकट की रकम सीधे दर्शकों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी।





