आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 27वें मुकाबले में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने थे। रविवार, 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। जीत के बीच मैदान पर एक ऐसा पल भी आया, जिसने फैंस का ध्यान खींच लिया।
पाकिस्तान की पारी के दौरान हार्दिक पंड्या की गेंद पर कुलदीप यादव से एक आसान कैच छूट गया। कैच छूटते ही गेंद बाउंड्री पार चली गई और छक्का हो गया। इस पर हार्दिक काफी नाराज़ नजर आए। मैच के बाद भी हार्दिक आक्रामक अंदाज़ में कुलदीप को कुछ निर्देश देते दिखे, जिस पर कुलदीप ने भी जवाब दिया। दोनों के बीच कुछ देर तक बहस चली।
इस दौरान रिंकू सिंह ने बीच-बचाव करते हुए हार्दिक को दूसरी ओर ले जाकर माहौल शांत कराया। जीत के बाद हाथ मिलाने के वक्त कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ भी कुलदीप थोड़े नाराज़ नजर आए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद यह सवाल उठने लगे कि क्या टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम में सब ठीक है।
हालांकि, क्रिकेट जानकारों का मानना है कि भारत-पाकिस्तान जैसे बड़े मुकाबलों में दबाव बहुत ज्यादा होता है। जीत की चाह में मैदान पर ऐसी छोटी बहसें हो जाना आम बात है और इससे टीम की एकजुटता पर सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए।